जरुरी जानकारी | पाकिस्तान ने न्यूयॉर्क के अपने चर्चित होटल रूजवेल्ट को तीन साल के पट्टे पर दिया

लाहौर, छह जून नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान ने न्यूयॉर्क के अपने चर्चित रूजवेल्ट होटल को न्यूयॉर्क प्रशासन को तीन साल के लिए पट्टे पर दे दिया है। इस सौदे के तहत पाकिस्तान को 22 करोड़ डॉलर मिलेंगे।

इस होटल का नाम अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट के नाम पर रखा गया था। यह होटल न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में 1924 से अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।

सरकारी पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) ने इस होटल को 1979 में पट्टे पर दे दिया था लेकिन दो दशक बाद इसे खरीद लिया।

सौदे के तहत, न्यूयॉर्क शहर प्रशासन इसे तीन साल तक संचालित करेगा और प्रवासियों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

रेल एवं विमानन मंत्री ख्वाजा साद रफीक ने सोमवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पट्टा समझौते से पाकिस्तान सरकार को लगभग 22 करोड़ डॉलर की आमदनी होने की उम्मीद है।”

जियो टीवी ने उनके हवाले से कहा, “पट्टा 1,250 कमरों के लिए हुआ है। तीन वर्ष की लीज की अवधि पूरी होने के बाद यह होटल पाकिस्तान सरकार को लौटा दिया जाएगा।”

होटल 2020 में कोविड महामारी के समय बंद हो गया था और इसी वर्ष इसे सिर्फ प्रवासियों के लिए दोबारा खोला गया था।

मंत्री ने कहा कि होटल का सालाना खर्च 2.5 करोड़ डॉलर है। इसपर अभी करीब दो करोड़ डॉलर की देनदारियां हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)