देश की खबरें | पाकिस्तान ने 21 दिन बाद बीएसएफ जवान को भारत के सुपुर्द किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान ने बुधवार को क्रमश: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा बंधक बनाए गए एक-एक जवान को दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक दूसरे के सुपुर्द किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अमृतसर, 14 मई भारत और पाकिस्तान ने बुधवार को क्रमश: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा बंधक बनाए गए एक-एक जवान को दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक दूसरे के सुपुर्द किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पाकिस्तान ने बीएसएफ के जवान पूर्णम कुमार शॉ को पंजाब में अटारी-वाघा सीमा पर भारत को सौंप दिया। उन्हें पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद 23 अप्रैल को पाकिस्तान रेंजर्स ने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़ लिया था।
अधिकारियों ने कहा कि वहीं, पाकिस्तान के एक रेंजर को उसके हवाले कर दिया गया जिसे बीएसएफ ने तीन मई को राजस्थान में सीमा क्षेत्र से पकड़ा था।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स ने सुबह 10.30 बजे कांस्टेबल शॉ को अमृतसर जिले में अटारी स्थित संयुक्त जांच चौकी पर (पाकिस्तान में वाघा सीमा के सामने) उसके हवाले कर दिया।
बीएसएफ ने शॉ की एक तस्वीर जारी की जिसमें उन्हें दाढ़ी, मूंछ और बिखरे बालों के साथ देखा जा सकता है। वह गोल गले की हरे रंग की टीशर्ट पहने हुए हैं।
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आज सुबह 10.30 बजे कांस्टेबल पूर्णम कुमार शॉ को अटारी-वाघा सीमा पर पाकिस्तान द्वारा बीएसएफ के सुपुर्द कर दिया गया है।’’
प्रवक्ता ने कहा कि शॉ 23 अप्रैल को फिरोजपुर सेक्टर में अभियान संबंधी ड्यूटी करते हुए पूर्वाह्न करीब 11.50 बजे अनजाने में पाकिस्तान के क्षेत्र में चले गए थे और पाक रेंजर्स ने उन्हें पकड़ लिया।
अधिकारियों ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि जवान की पूरे शरीर की जांच और मेडिकल परीक्षण किया जाएगा जिसके बाद उनकी काउंसलिंग होगी और ‘डीब्रीफिंग’ सत्र में बीएसएफ के अधिकारी उन्हें रेंजर्स द्वारा 21 दिन तक पकड़कर रखने के बारे में ‘प्रासंगिक प्रश्न’ पूछेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)