विदेश की खबरें | पाकिस्तान: कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अब्बासी, निर्दलीय सांसद के नाम पर चर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के गठबंधन दलों ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री पद के लिए शुक्रवार को जिन नामों पर चर्चा की उनमें पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी और बलूचिस्तान के निर्दलीय सांसद असलम भूटानी के नाम शामिल रहे।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, चार अगस्त पाकिस्तान के गठबंधन दलों ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री पद के लिए शुक्रवार को जिन नामों पर चर्चा की उनमें पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी और बलूचिस्तान के निर्दलीय सांसद असलम भूटानी के नाम शामिल रहे।

जियो न्यूज ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि पूर्व वित्त मंत्री हफीज शेख और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के पूर्व प्रधान सचिव फवाद हसन फवाद के नाम भी उस फेहरिस्त में शामिल हैं जिस पर ‘जूम’ पर आयोजित ऑनलाइन बैठक में चर्चा की गई।

इस बैठक में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल सहयोगी दलों के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

बैठक में जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फजल (जेयूआई-एफ) प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

हालांकि, सूत्र ने कहा कि गठबंधन दलों ने आगे परामर्श और बैठकें जारी रखने का फैसला किया है। बैठक में बलूचिस्तान नेशनल पार्टी के अध्यक्ष अख्तर मेंगल, जम्हूरी वतन पार्टी (जेडब्ल्यूपी) के नेता शाहजैन बुगती, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम) के नेता खालिद मकबूल और नेशनल डेमोक्रेटिक मूवमेंट (एनडीएम) के अध्यक्ष मोहसिन डावर भी शामिल हुए।

हालांकि, सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल सबसे बड़े दलों में से एक पीपीपी ने किसी राजनीतिक दल के व्यक्ति को कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में चयनित करने के प्रति असहमति जताई है।

पीपीपी ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त करने के लिए पांच नामों को अंतिम रूप दिया है, लेकिन अन्य नामों पर भी विचार किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बृहस्पतिवार को अपने गठबंधन सहयोगियों से कहा कि वह संसद के निचले सदन ‘नेशनल असेंबली’ का कार्यकाल समाप्त होने से तीन दिन पहले नौ अगस्त को इसे भंग करने की सिफारिश करेंगे। इसी के साथ नकदी संकट से जूझ रहे देश में आम चुनाव की कवायद शुरू हो जाएगी।

शरीफ ने प्रधानमंत्री आवास में बृहस्पतिवार को सत्ताधारी गठबंधन के सहयोगी दलों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में कहा कि वह जिस अधिसूचना को भेजने की योजना बना रहे हैं उस पर राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के हस्ताक्षर करते ही नेशनल असेंबली भंग हो जाएगी।

शरीफ ने पिछले सप्ताह वित्त मंत्री इशाक डार को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किये जाने की संभावना को खारिज करते हुए कहा था कि अगले महीने अंतरिम सरकार की अगुवाई करने के लिए एक तटस्थ व्यक्ति का चयन किया जाएगा ताकि आगामी चुनाव पारदर्शी तरीके से कराए जा सकें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\