देश की खबरें | पहलगाम हमला: भाजपा ने तमिलनाडु सरकार से अवैध प्रवासियों को वापस भेजने की मांग की

चेन्नई, पांच मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के नेताओं ने पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों की जघन्य हत्या की निंदा करते हुए सोमवार को राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन किया।

भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन नीत राज्य सरकार से पाकिस्तान और बांग्लादेश से अवैध रूप से आए प्रवासियों की पहचान कर उन्हें निर्वासित करने की मांग भी की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंथिरन ने यहां एग्मोर में राजरथिनम स्टेडियम के पास विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों की जघन्य हत्या की निंदा की। प्रदर्शन में पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन ने भी हिस्सा लिया।

नागेंथिरन ने राज्य सरकार से पाकिस्तान और बांग्लादेश से अवैध रूप से आए प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की मांग की। उन्होंने भारतीय सेना के बारे में अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति आतंकवाद के पक्ष में बोलता है, उसे समाज द्वारा अलग-थलग कर दिया जाना चाहिए। यह समय दुनिया को यह एहसास कराने का है कि 140 करोड़ भारतीय पहलगाम में मारे गए 26 लोगों के परिवारों के साथ एकजुट हैं।”

मुरुगन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आतंकवाद की जड़ पाकिस्तान को सबक सिखाया जाना चाहिए।

उन्होंने लिखा, “भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आतंकवाद का जहर फैलाने वाले पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।”

तमिलनाडु भाजपा की समन्वय समिति के राज्य संयोजक एच राजा ने डिंडीगुल में आयोजित विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जबकि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक वनथी श्रीनिवासन कोयंबटूर में विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)