प.बंगाल: केन्द्र की टीमों ने कोलकाता, हावड़ा, सिलीगुड़ी में लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लिया
कोलकाता में ठहरी रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी अपूर्व चंद्र के नेतृत्व वाली टीम ने शहर के दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में गार्डन रीच, इकबालपुर, खादरपुर, मोमिनपुर और कालीघाट इलाकों का दौरा किया। कोलकाता पुलिस के अधिकारी भी उनके साथ थे।
कोलकाता/सिलीगुड़ी, 26 अप्रैल पश्चिम बंगाल दौरे पर आईं केन्द्र की अंतर मंत्रालयी टीमों ने लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लेने के लिये रविवार को कोलकाता और सिलीगुड़ी के कई इलाकों का दौरा किया।
कोलकाता में ठहरी रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी अपूर्व चंद्र के नेतृत्व वाली टीम ने शहर के दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में गार्डन रीच, इकबालपुर, खादरपुर, मोमिनपुर और कालीघाट इलाकों का दौरा किया। कोलकाता पुलिस के अधिकारी भी उनके साथ थे।
इस दौरान उन्होंने प्रेस सहित किसी से बात नहीं की। टीम ने लॉकडाउन का पालन हो रहा है या नहीं, यह देखने के लिये हावड़ा के सल्किया और गोलबाड़ी जैसे इलाकों का भी दौरा किया।
सिलीगुड़ी में वरिष्ठ अधिकारी विनीत जोशी के नेतृत्व वाली टीम ने बिधान बाजार और उससे लगे इलाकों का दौरा कर दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। टीम ने मास्क लगाने और सैनिटाइजर के इस्तेमाल के बारे में पूछा।
बाद में जोशी ने पत्रकारों से कहा, ''ऐसा प्रतीत होता है कि लोग लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे है। उन्हें इसे गंभीरता से लेना चाहिये।''
जोशी की टीम के सदस्यों ने कहा कि अपने दौरे के दौरान उन्होंने राज्य सरकार के किसी प्रतिनिधि को नहीं देखा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2020 06:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

