एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | 'मालिक' मेरे लिए स्थापित छवि से बाहर निकलने का एक अवसर : राजकुमार राव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेता राजकुमार राव का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी स्थापित छवि से बाहर निकलने का अवसर तलाश रहे थे और यह मौका उन्हें अपनी आने वाली फिल्म 'मालिक' में एक गैंगस्टर की भूमिका के जरिये मिला।

देश की खबरें | 'मालिक' मेरे लिए स्थापित छवि से बाहर निकलने का एक अवसर : राजकुमार राव

मुंबई, दो जुलाई अभिनेता राजकुमार राव का कहना है कि वह लंबे समय से अपनी स्थापित छवि से बाहर निकलने का अवसर तलाश रहे थे और यह मौका उन्हें अपनी आने वाली फिल्म 'मालिक' में एक गैंगस्टर की भूमिका के जरिये मिला।

'मालिक' 1980 के दशक के इलाहाबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जो महत्वाकांक्षा, सत्ता और अस्तित्व की कहानी बयां करती है। इसका निर्देशन 'भक्षक' फेम पुलकित ने किया है।

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर राव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक अभिनेता को अपनी छवि तोड़ने के बहुत कम मौके मिलते हैं और मैं हमेशा ऐसे ही किरदारों की तलाश करता हूं, जैसा कि मैंने 'श्रीकांत' में किया था। अभिनेता के तौर पर हमेशा कुछ नया और चुनौतीपूर्ण करने की आकांक्षा रहती है। मुझे खुशी है कि 'मालिक' मेरे पास आई। इस फिल्म में काम कर मुझे बेहद आनंद आया।’’

राव और निर्देशक पुलकित ने इससे पहले 2017 में वेब सीरीज 'बोस: डेड/अलाइव' में साथ काम किया था।

‘शाहिद’, ‘न्यूटन’, ‘स्त्री’ और ‘श्रीकांत’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए प्रशंसा पा चुके राव ने उम्मीद जताई कि दर्शकों को फिल्म में उनका काम पसंद आएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अभिनेता के तौर पर हमेशा चाहते हैं कि लोग हमारे किरदार को याद रखें और उसी से हमें पहचानें। लोग मुझे इस अवतार में पहली बार देखेंगे।’’

उन्होंने बताया कि किरदार निभाने के लिए उन्होंने पूरी तरह निर्देशक की दृष्टि और पटकथा पर भरोसा किया।

राव ने कहा, ‘‘यह सब कल्पना पर आधारित है और वह दुनिया हमें दिखानी थी जो पुलकित ने अपने लेखन से रची।’’

फिल्म में हिंसा की प्रस्तुति को लेकर पूछे गए एक सवाल पर राव ने कहा, ‘‘अगर कहानी और किरदार मजबूत हो और फिल्म अच्छी तरह से बनाई गई हो, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं।’’

'मालिक' में राजकुमार राव के अलावा मानुषी छिल्लर, सौरभ शुक्ला, सौरभ सचदेवा, प्रोसेनजीत चटर्जी और स्वानंद किरकिरे भी हैं।

'शंघाई' और 'जुबली' जैसी हिंदी फिल्मों और सीरीज में नजर आ चुके प्रोसेनजीत चटर्जी ने कहा कि वह राव के साथ काम करने का मौका नहीं गंवाना चाहते थे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे 'मालिक' जैसी किसी फिल्म की उम्मीद ही नहीं थी। जब मुझसे इस फिल्म के लिए संपर्क किया गया और मैंने निर्देशक से मुलाकात की, तो उनके जुनून को देखकर मैं चकित रह गया।’’

'मालिक' का निर्माण कुमार तौरानी की टिप्स फिल्म्स) और जय शेवकर्माणी की नॉर्दर्न लाइट्स फिल्म्स के बैनर तले किया गया है।

फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 12:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).