देश की खबरें | ओवैसी ने ‘गो रक्षकों’ की गतिविधियों के मुद्दे पर मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर ‘गो रक्षकों’ के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कथित गोरक्षक समूह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उद्देश्यों को पूरा करते हैं।
ठाणे, 25 फरवरी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर ‘गो रक्षकों’ के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कथित गोरक्षक समूह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उद्देश्यों को पूरा करते हैं।
एमआईएमआईएम की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक महाराष्ट्र के नवी मुंबई में चल रही है। सम्मेलन के पहले दिन तेलंगाना के हैदराबाद से लोकसभा सदस्य ओवैसी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र में होने वाले निकाय चुनाव के साथ ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन करने का फैसला अभी किया नहीं गया है।
राजस्थान के भरतपुर जिले के घाटमीका गांव निवासी नसीर और जुनैद की हरियाणा में 16 फरवरी को की गई हत्या का संदर्भ देते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने ऐसे ‘गो रक्षकों’ को खुली छूट दे रखी है।
गौरतलब है कि दोनों युवकों का कथित तौर पर गो रक्षकों ने 15 फरवरी को अपहरण कर लिया था और अगले दिन उनके शव हरियाणा के भिवानी जिले स्थित लोहारू में जली हुई कार में मिले।
ओवैसी ने कहा, ‘‘यह कुछ और नहीं बल्कि मुसलमानों के खिलाफ राज्य प्रायोजित हिंसा है। ऐसे समूहों की गतिविधि भाजपा के उद्देश्यों की पूर्ति करती हैं। वे (भाजपा) मुस्लिमों के प्रति घृणा पैदा करना चाहते हैं।’’
उन्होंने हाल में बीबीसी के कार्यालय पर आयकर विभाग की कार्रवाई का संदर्भ देते हुए कहा कि मोदी सरकार बीबीसी के खिलाफ एक वृत्तचित्र के लिए कार्रवाई कर सकती है जबकि ऐसे ‘आतंकी समूहों’ को छूआ तक नहीं जाता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)