लखनउ, नौ मई उत्तर प्रदेश में 'डोर स्टेप डिलीवरी' के तहत 23,700 से अधिक किराना दुकान कार्य कर रहे हैं और उनके जरिये 51,800 से अधिक डिलीवरी मैन आवश्यक सामग्री पहुंचा रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ''डोर-स्टेप-डिलीवरी व्यवस्था के अन्तर्गत 23,775 किराना दुकानें क्रियाशील हैं, जिनके माध्यम से 51, 893 डिलीवरी मैन आवश्यक सामग्री निरंतर पहुंचा रहे हैं।''
अवस्थी ने कहा, ''फल एवं सब्जी वितरण व्यवस्था के अन्तर्गत कुल 44, 606 वाहनों की व्यवस्था की गयी है। इसी क्रम में कुल 53.55 लाख लीटर दूध उपार्जन के सापेक्ष 35.11 लाख लीटर दूध का वितरण 21,506 डिलीवरी वैन के माध्यम से किया गया है।''
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में स्थापित 5774 क्रय केन्द्र के माध्यम से लगभग 154.13 लाख कुन्तल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। प्रदेश में निःशुल्क खाद्यान्न वितरण के द्वितीय चरण में प्रचलित कुल 3, 52, 22, 073 राशन कार्डों के सापेक्ष मई माह में लगभग 3, 12, 12, 081 कार्डों पर 7, 21, 158.97 मीट्रिक टन खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 912 सरकारी तथा 868 स्वैच्छिक सामुदायिक रसोईघर के माध्यम से 10, 18, 941 लोगों को खाने के पैकेट वितरित किये गये हैं।
अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की श्रमिक भरण-पोषण योजना के तहत निर्माण कार्यों से जुड़े, नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 31.23 लाख श्रमिकों एवं निराश्रित व्यक्तियों को भी एक-एक हजार रुपये की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 61, 566 औद्योगिक इकाइयों से संपर्क किया गया, जिनमें से 56, 696 इकाइयों द्वारा अपने कार्मिकों को 641.89 करोड़ रुपये के वेतन का वितरण किया जा चुका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY