देश की खबरें | मप्र के दो जिलों में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए कुक्कुट बिक्री की दुकानें बंद रखने के आदेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश सरकार ने इन्दौर और नीमच जिले में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद इन इलाकों में कुक्कुट बिक्री की दुकानों को एक सप्ताह के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।
भोपाल, सात जनवरी मध्य प्रदेश सरकार ने इन्दौर और नीमच जिले में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद इन इलाकों में कुक्कुट बिक्री की दुकानों को एक सप्ताह के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य पशु चिकित्सा विभाग के एक परामर्श के मुताबिक सात जिलों में कौवों के शवों से लिए गए नमूनों में और नीमच तथा इन्दौर जिले में कुक्कुट के नमूनों में एवियन इन्फ्लूएंजा या बर्ड फ्लू वायरस पाया गया है।
राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी), भोपाल ने इन्दौर, नीमच, देवास, उज्जैन, खंडवा, खरगौन और गुना जिलों में कौवों के नमूनों में बर्ड फ्लू वायरस की उपस्थिति की पुष्टि की।
इन्दौर और नीमच में कुक्कुट पक्षियों के नमूनों में भी बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
प्रदेश सरकार ने इन्दौर और नीमच जिलों के अधिकारियों को अगले सात दिनों तक जिले की सभी कुक्कुट बिक्री दुकानों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को जल स्रोतों के पास से प्रवासी पक्षियों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भोपाल भेजने को भी कहा गया है।
परामर्श में कहा गया है कि अन्य पांच जिलों में भी बर्ड फ्लू की रोकथाम के उपाय किए जाने चाहिए ।
बुधवार को राज्य सरकार ने कहा था कि वह अगले 10 दिनों तक केरल और अन्य दक्षिणी राज्यों से कुक्कुट की खेप को प्रदेश में प्रवेश की अनुमति नहीं देगी क्योंकि एच5एन8 वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए केरल में हजारों कुक्कुट पक्षी मारे गए हैं।
केंद्र ने बृहस्पतिवार को कहा कि बर्ड फ्लू की पुष्टि अभी तक केवल केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में ही हुई है, लेकिन सभी राज्यों को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2021 11:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

