ताजा खबरें | संसद की सुरक्षा में चूक मुद्दे पर रास में विपक्ष का हंगामा जारी, कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. संसद की सुरक्षा में चूक और सदस्यों के निलंबन जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण बुधवार को राज्यसभा की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर संसद की सुरक्षा में चूक और सदस्यों के निलंबन जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण बुधवार को राज्यसभा की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

ग्यारह बजकर 45 मिनट पर सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने सुरक्षा चूक के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग की।

इस पर सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद परिसर में कुछ सांसदों की ओर से ‘अशोभनीय आचरण’ किए जाने की ओर से इशारा करते हुए कहा कि सिंह को इस बात का अंदाजा भी नहीं है कि उन्हें कितनी पीड़ा हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आपकी चुप्पी मेरी कानों में गूंज रही है... नेता प्रतिपक्ष की चुप्पी मेरी कानों में गूंज रही है... सबको पता है क्या हो रहा है। आपको अंदाजा होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति वीडियोग्राफी कर आनंद लेता है... हरकतें करता हैं... ये संस्कार हैं क्या आपके। यहां तक स्तर आ गया क्या?’’

इस दौरान सत्ता पक्ष के सदस्य अपने स्थानों पर खड़े हो गए।

धनखड़ ने कहा, ‘‘दिग्विजय सिंह जी, मेरी बात सुन लीजिए। जगदीप धनखड़ की कितनी बेइज्जती करो, मुझे कोई चिंता नहीं है। भारत के उपराष्ट्रपति की, मेरे समाज की, मेरे वर्ग की... नहीं... मैं पूरी आहुति दे दूंगा हवन में।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुद की परवाह नहीं करता। मेरी बेइज्जती कोई करता है तो मैं सहन करता हूं। खून के घूंट पीता हूं। पर मैं यह बर्दाश्त कभी नहीं करूंगा कि मेरे पद की गरिमा को मैं सुरक्षित नहीं रख पाया। इस सदन की गरिमा को सुरक्षित रखना मेरा काम है। इस पद की गरिमा बनाए रखना मेरा काम है।’’

सभापति ने सिंह से कहा कि वह अंदाजा नहीं लगा सकते कि क्या हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपकी सुनता यदि आप एक फोन उठाते और मेरे से कहते... अपने बीच दशकों तक फोन से वार्तालाप होता रहा है। इतनी बड़ी घटना हो गई... पद की गरिमा गिर गई... मेरे समाज को बेइज्जत कर दिया, मेरी जाति को बेइज्जत कर दिया और आप चुप रहे... आपके अध्यक्ष चुप रहे।’’

इसके बाद सभापति ने कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले, दूसरी बार के स्थगन के बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सदस्य तिरूचि शिवा ने कुछ ‘बेबुनियाद आरोपों’ का उल्लेख किया और आसन से कहा कि इसे प्रमाणित किया जाना चाहिए।

सभापति जगदीप धनखड़ ने शिवा से कहा कि यदि वे बेबुनियाद आरोपों को लेकर इतने ही सजग हैं तो उन्हें आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है।

सभापति ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे से आग्रह किया कि बतौर नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष वह विपक्षी सदस्यों को इस प्रकार का आचरण करने से रोकें।

इसी समय विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरु कर दिया।

खरगे अपनी सीट पर खड़े होकर कुछ कहना चाह रहे थे लेकिन सभापति ने कार्यवाही 11.45 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

हालांकि, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि वह सदन में व्यवस्था बनाएंगे।

इससे पहले, पहली बार के स्थगन के बाद 11.15 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, विपक्षी सदस्यों ने हंगामा आरंभ कर दिया।

सभापति धनखड़ अपनी सीट पर बैठे भी नहीं और उन्होंने कार्यवाही 11.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

उच्च सदन की कार्यवाही आरंभ होने के कुछ ही देर बाद 11 बजकर 15 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

सुबह जैसे ही उच्च सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एलामरम करीम आसन के निकट आ गए। सभापति धनखड़ ने उन्हें सीट पर लौटने को कहा लेकिन वह वहीं खड़े रहे।

इसी दौरान कांग्रेस के कुछ सदस्य संसद की सुरक्षा में चूक और कुछ सदस्यों के निलंबन के मुद्दे पर नारेबाजी करने लगे। सदन में हंगामे को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही 11.15 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\