ताजा खबरें | मणिपुर मुद्दे पर सरकार के रवैये के कारण राज्यसभा में विपक्ष का बहिर्गमन
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर हिंसा पर सरकार के रवैये तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद के भीतर कोई बयान नहीं दिये जाने के विरोध में विपक्षी दलों के सदस्यों के सदन से बर्हिगमन करने की घोषणा की।
नयी दिल्ली, 26 जुलाई राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर हिंसा पर सरकार के रवैये तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद के भीतर कोई बयान नहीं दिये जाने के विरोध में विपक्षी दलों के सदस्यों के सदन से बर्हिगमन करने की घोषणा की।
खरगे ने भोजनावकाश के बाद सदन की बैठक फिर शुरू होने पर आसन की अनुमति से अपनी बात रखते हुए कहा, ‘‘‘इस सदन में हम (मणिपुर मुद्दे पर) जो चर्चा चाहते थे, उसके लिए हम प्रधानमंत्री के वक्तव्य की अपेक्षा कर रहे थे और अभी भी कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा चर्चा की मांग करते हुए चार-पांच दिन हो गये है तथा प्रधानमंत्री संसद भवन में (अपने कक्ष में) आते हैं और उनके द्वारा की गयी मांग को (टीवी पर) देखते हैं। उन्होंने सवाल किया, ‘‘लेकिन वह (प्रधानमंत्री मोदी) बयान क्यों नहीं दे रहे हैं?’’
खरगे ने कहा कि पूरे इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) के सदस्य दल मणिपुर मुद्दे पर अपनी बात रखने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षी दलों को उनकी बात रखने का मौका नहीं दे रही है और उनका पक्ष सुनने को तैयार नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार का जो ‘व्यवहार’ है और जिस प्रकार सरकार चल रही है, ‘‘उसके विरोध में हम सदन से बहिर्गमन कर रहे हैं।’’
गौरतलब है कि 20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र में विपक्षी दल सरकार पर मणिपुर मुद्दे पर चर्चा कराने और प्रधानमंत्री के बयान को लेकर लगातार दबाव बनाए हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)