देश की खबरें | विपक्षी यूडीएफ ने माकपा को यूसीसी पर नंबूदरीपाद के विचार त्यागने की चुनौती दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ‘संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा’ (यूडीएफ) ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बुधवार को सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘दोहरे रवैया’ अपनाने का आरोप लगाया तथा उसे पूर्व वाम नेता ईएमएस नंबूदरीपाद की विचारधारा को त्यागने की चुनौती दी।

तिरुवनंतपुरम, पांच केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ‘संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा’ (यूडीएफ) ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बुधवार को सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘दोहरे रवैया’ अपनाने का आरोप लगाया तथा उसे पूर्व वाम नेता ईएमएस नंबूदरीपाद की विचारधारा को त्यागने की चुनौती दी।

नंबूदरीपाद सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक कानून के पक्षधर थे।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कहा कि केरल के पहले मुख्यमंत्री नंबूदरीपाद ने 1957 में यूसीसी को लागू करने की मांग की थी।

सतीशन ने माकपा को यह कहने की चुनौती दी कि उसके पूर्व नेता ने इस मामले में जो रुख इख्तियार किया था, वह गलत था।

उन्होंने आरोप लगाया कि वाम दल का दोहरा रवैया इन तथ्यों से उजागर होता है कि वह नंबूदरीपाद की बातों को त्यागने के लिए राजी नहीं है तथा वह संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में शामिल लोगों के खिलाफ मामले वापस नहीं ले रही है और यूसीसी के मुद्दे पर चुनिंदा मुस्लिम संगठनों से संपर्क बना रही है।

उन्होंने कहा कि माकपा का रुख यह दिखाता है कि वह ‘‘भारतीय जनता पार्टी और संघ परिवार की राह पर ही आगे बढ़ रही है’’, जो यूसीसी के जरिये देश में लोगों को बांटना चाहती है।

सतीशन ने यहां पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, "माकपा भी लोगों को विभाजित करने की कोशिश कर रही है। यही कारण है कि उसने ‘समस्त’ और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) जैसे चुनिंदा मुस्लिम संगठनों से संपर्क किया, लेकिन यह ऐसा मुद्दा नहीं है जो अकेले मुसलमानों को प्रभावित करता है। यह देश में सभी को प्रभावित करेगा।"

‘समस्त’ इस्लामी विद्वानों का एक संगठन है, वहीं आईएमयूएल केरल में कांग्रेस की एक प्रमुख सहयोगी पार्टी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now