देश की खबरें | साम्प्रदायिक भावनाओं को हवा देकर राजनीतिक लाभ हासिल करने का प्रयास कर रहा है विपक्ष: मान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को राज्य में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे राजनीतिक लाभ के लिए सांप्रदायिक भावनाओं को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं।
चंडीगढ़, चार मार्च पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को राज्य में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे राजनीतिक लाभ के लिए सांप्रदायिक भावनाओं को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं।
मान ने कहा कि किसी को भी राज्य में ‘‘कड़ी मेहनत’’ से हासिल शांति को भंग करने नहीं दिया जाएगा।
मान की यह टिप्पणी ऐसे समय आयी है, जब भाजपा सहित विपक्षी दल पिछले महीने की अजनाला की घटना को लेकर उनकी सरकार पर निशाना साध रहे हैं, जिसमें स्वयंभू सिख उपदेशक एवं खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह और उसके समर्थक अपने एक सहयोगी की रिहाई के लिए तलवार और बंदूकें लेकर पुलिस से भिड़ गए थे।
मान ने एक बयान में कहा कि उनके पास हर पल की जानकारी है, क्योंकि उनकी सरकार राज्य में हो रही हर चीज पर कड़ी नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह शर्मनाक है कि राज्य सरकार के खिलाफ किसी मुद्दे के अभाव के कारण, ये राजनीतिक दल अपनी झुंझलाहट निकालने के लिए इतने निम्न स्तर पर उतर रहे हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘विपक्ष राज्य में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में सांप्रदायिक भावनाओं को हवा देकर आग से खेल रहा है।’’ हालांकि, मान ने कहा कि इन पार्टियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
मान ने कहा, ‘‘पंजाब महान गुरुओं, संतों और पैगम्बरों की भूमि है, जिन्होंने हमें सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और भाईचारे का रास्ता दिखाया है।’’ मान ने कहा पंजाबियों ने हमेशा राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए शांति एवं भाईचारे के मूल्यों का पालन किया है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार राज्य में ‘‘कड़ी मेहनत’’ से हासिल शांति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों को आश्वासन दिया कि किसी को भी पंजाब की शांति, प्रगति और समृद्धि पर "दुर्भावनापूर्ण नजर" नहीं डालने दिया जाएगा।
मान ने कहा कि राज्य सरकार कड़ी निगरानी रख रही है और किसी को भी राज्य में शांति भंग करने नहीं दिया जाएगा।
राज्य के गृह विभाग का भी प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री मान ने पहले भी कहा था कि उनकी सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखेगी और किसी को भी यहां शांति भंग नहीं करने दिया जाएगा।
पंजाब में आतंकवाद के दौर का उल्लेख करते हुए मान ने कहा था कि राज्य और इसके लोगों ने अतीत में काले दिनों के कारण बहुत कुछ झेला है और वे केवल शांति और प्रगति चाहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2023 08:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

