एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | विपक्ष बदलापुर मामले में पुलिस को हतोत्साहित करने की कोशिश कर रहा : फडणवीस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विपक्ष पर दोहरा रुख अपनाने और बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी अक्षय शिंदे (24) की मौत को लेकर पुलिस को हतोत्साहित करने की कोशिश का आरोप लगाया।

देश की खबरें | विपक्ष बदलापुर मामले में पुलिस को हतोत्साहित करने की कोशिश कर रहा : फडणवीस

पुणे, 27 सितंबर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विपक्ष पर दोहरा रुख अपनाने और बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी अक्षय शिंदे (24) की मौत को लेकर पुलिस को हतोत्साहित करने की कोशिश का आरोप लगाया।

इस सप्ताह के शुरुआत में नवी मुंबई के तलोजा कारागार से ठाणे जिले के बदलापुर ले जाते समय कथित तौर पर पुलिस की पिस्तौल छीनने की कोशिश कर रहे शिंदे की पुलिस की जवाबी गोली से मौत हो गई थी। शिंदे पर पिछले महीने बदलापुर स्थित एक स्कूल की दो नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था।

शिंदे की पुलिस की गोली से मौत की विपक्षी दलों ने निंदा की थी। उन्होंने घटनाक्रम पर सवाल उठाया था और सवाल किया था कि क्या यह सबूतों को नष्ट करने की कोशिश के तहत किया गया।

अहमदनगर जिले के शिरडी में राज्य सरकार की ‘लाडकी बहिन’ योजना को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में फडणवीस ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘ इन लोगों का (विपक्षी दल) हमेशा से दोहरा रुख रहा है। ये तेलंगाना में (दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की) मुठभेड़ का समर्थन करते हुए संपादकीय लिखते हैं लेकिन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं जिसने जवाब में गोली चलाई। यह पुलिस को हतोत्साहित करने की कोशिश प्रतीत होती है।’’

महाराष्ट्र का गृह विभाग भी संभाल रहे फडणवीस के मुंबई में मंत्रालय स्थित कार्यालय में बृहस्पतिवार को एक महिला ने हंगामा किया था और उनका नाम के बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उनकी शिकायतों को समझने की कोशिश करेंगे। हम यह समझने की कोशिश करेंगे कि किसने उन्हें ऐसा करने के लिए उकसाया और हम उनके मुद्दों का समाधान करने का प्रयास करेंगे...हम यह भी समझने की कोशिश करेंगे कि किसी ने उन्हें भेजा तो नहीं था।’’

विपक्ष ने दावा किया कि यह घटना दिखाती है कि राज्य की महिलाएं मौजूदा शासन से आक्रोशित हैं। इस बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि विपक्ष ‘हताश’ है और उसके पास कोई मुद्दा नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘ उनके शासन के दौरान कई घटनाएं हुई थीं। लेकिन मैं इतने निम्न स्तर पर नहीं जाना चाहूंगा।’’ उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में लोगों ने मंत्रालय तक में अपने ऊपर केरोसीन तेल तक छिड़क लिया था।

फडणवीस ने कहा, ‘‘हमने सभी को मंत्रालय में दाखिल होने की अनुमति दी है। कई बार लोग छत पर से सुरक्षा जाल पर छलांग लगा देते हैं। वे अपनी हताशा प्रकट करने की कोशिश करते हैं लेकिन हम उनकी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2024 07:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).