देश की खबरें | विपक्षी दलों की पटना बैठक ‘केवल फोटो सेशन’ : नड्डा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने हाल में पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक को ‘‘केवल फोटो सेशन’’ करार देते हुए कहा कि प्रधानंत्री नरेन्द्र मोदी ने वोट बैंक की राजनीति खत्म करने के साथ ही देश में विकास को आगे बढ़ाया है।
नगरकुरनूल (तेलंगाना), 25 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने हाल में पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक को ‘‘केवल फोटो सेशन’’ करार देते हुए कहा कि प्रधानंत्री नरेन्द्र मोदी ने वोट बैंक की राजनीति खत्म करने के साथ ही देश में विकास को आगे बढ़ाया है।
नड्डा ने केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह की बात का समर्थन किया। शाह ने भी 23 जून को बिहार की राजधानी में हुई विपक्षी दलों की बैठक को ‘‘फोटो सेशन’’ करार दिया था।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सहित 17 विपक्षी दलों की पटना में बैठक हुई थी जिसमें वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला एकजुट होकर करने और अपने मतभेदों को अलग कर सीट बंटवारे में लचीला रुख अपनाने का संकल्प लिया गया। विपक्षी दलों ने संयुक्त रणनीति पर चर्चा के लिए शिमला में अगली बैठक बुलाने का फैसला किया है।
‘नव संकल्प सभा’ नाम से आयोजित रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में गरीबी दर 22 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत से भी नीचे आ गई है, यहां तक कि अति दरिद्रता भी एक प्रतिशत से कम हो गई है।
नड्डा ने कहा कि पूर्व में जब भारतीय नेता अमेरिका की यात्रा पर जाते थे तब चर्चा कश्मीर, पाकिस्तान और आतंकवाद के इर्द-गिर्द घूमती थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान बातचीत के केंद्र में विकास रहता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हाल में पटना में ‘महागठबंधन’ की बैठक हुई जो केवल ‘फोटो सेशन’ थी जबकि दूसरी ओर मोदी जी ने विकास को गति दी और वंशवाद की राजनीति खत्म की। मोदी जी ने वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति खत्म की।’’
नड्डा ने यह आरोप भी लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद), समाजवादी पार्टी (सपा), तृणमूल कांग्रेस नेता और उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) सभी अपनी-अपनी वंशवाद की राजनीति बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को आगे लेकर जा रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘अगर आप (जनता) देश को आगे ले जाना चाहते हैं तो कमल (भाजपा के चुनाव चिह्न) और मोदी जी का समर्थन करें।’’
नड्डा ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व अर्थव्यवस्था के सबसे चमकते स्थान के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा, ‘‘(निवेश बैंक) मॉर्गन स्टेनली ने कहा है कि भारत की अर्थव्यव्स्था बहुत ही मजबूत है और मुद्रास्फीति नियंत्रण में है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने मोदी को ‘द बॉस’ कहकर संबोधित किया जबकि कुछ उन्हें (मोदी को) ‘नायक’ के तौर पर देखते हैं, कुछ कहते हैं कि वह वैश्विक नेता हैं जबकि कुछ अन्य उनका उल्लेख ‘रिफॉर्मर इन चीफ’ (प्रमुख सुधारक) के तौर पर करते हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और उनकी तुलना सांप, बिच्छू, अनपढ़ तथा चाय बेचने वाले से करते हैं। इसके बावजूद देश की 140 करोड़ जनता मोदी के साथ खड़ी है।’’
नड्डा ने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदा विदेश यात्रा के दौरान मिस्र ने उन्हें अपने शीर्ष सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’ से सम्मानित किया है।
उन्होंने तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) पर कथित भ्रष्टाचार एवं परिवार के शासन को लेकर हमला किया तथा दावा किया कि केसीआर तेलंगाना को पीछे धकेलकर आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आज तेलंगाना को पिछड़ा देखकर मुझे दुख होता है। एक परिवार तेलंगाना का शोषण कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। जब मैं एक परिवार कहता हूं...तो वह केसीआर परिवार, केसीआर स्वयं, उनका बेटा, उनकी बेटी है जो बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) बन गए हैं जबकि तेलंगाना को पीछे धकेल दिया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का ‘धरणी’ भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन पोर्टल किसानों की भूमि पर कब्जा करने और केसीआर की पार्टी और उनके कार्यकर्ताओं के लिए जेब भरने का माध्यम बन गया है तथा भाजपा के सत्ता में आने पर इस पोर्टल को बंद कर दिया जाएगा।
नड्डा ने आरोप लगाया कि केसीआर ने तेलंगाना को ‘‘बर्बाद’’ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और भाजपा नीत केंद्र सरकार तेलंगाना के विकास के लिए भी कार्य कर रही है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद बी. संजय कुमार और भाजपा के राज्यसभा सदस्य के. लक्ष्मण सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि रैली से पहले दिन में नड्डा ने मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किए गए ‘संपर्क से समर्थन’ अभियान के तहत प्रख्यात राजनीतिक विश्लेषक के. नागेश्वर और पद्म पुरस्कार से सम्मानित आनंद शंकर से हैदराबाद में उनके आवास पर जाकर मुलाकात की।
तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2023 10:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

