देश की खबरें | विपक्षी दलों ने एकजुटता पर जोर दिया, कांग्रेस बोली: दिल्ली के नतीजों को लेकर हमें दोष देना गलत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के दोनों घटक दलों आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की आपसी लड़ाई के भारतीय जनता पार्टी की जीत का आधार बनने संबंधी दावों के बीच विपक्षी गठबंधन के कई नेताओं ने सोमवार को आपसी एकजुटता पर जोर दिया।
नयी दिल्ली, 10 फरवरी दिल्ली में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के दोनों घटक दलों आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की आपसी लड़ाई के भारतीय जनता पार्टी की जीत का आधार बनने संबंधी दावों के बीच विपक्षी गठबंधन के कई नेताओं ने सोमवार को आपसी एकजुटता पर जोर दिया।
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने कहा कि उस पर दोष लगाना गलत है क्योंकि आप ने विधानसभा चुनाव में गठबंधन से इनकार कर दिया था।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन का गठन 2024 के आम चुनाव के लिए किया गया था और विधानसभा चुनावों में राज्य स्तर की परिस्थिति के हिसाब से गठबंधन को आगे बढ़ाना था।
दिल्ली में आप के लिए खेल बिगाड़ने के आरोप को लेकर कांग्रेस की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी सचेतक माणिकम टैगोर ने कहा कि गठबंधन सहयोगी गलत व्यक्ति से सवाल पूछ रहे हैं क्योंकि उन्हें उस व्यक्ति से पूछना चाहिए जिसने दिल्ली में ‘‘गठबंधन तोड़ा’’।
उन्होंने कहा, ‘‘एक बात बहुत स्पष्ट है - भारत गठबंधन 2024 के आम चुनाव के लिए बनाया गया था। विभिन्न राज्यों में, अलग-अलग रणनीति बनाई गई थी। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का दिल्ली में गठबंधन था, लेकिन पंजाब में नहीं। हमारा गुजरात में गठबंधन था, लेकिन अन्य जगहों पर नहीं। वे गोवा में हमारा समर्थन कर रहे थे।’’
टैगोर ने संसद भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल जी ने बीते एक दिसंबर को घोषणा की थी कि वे अकेले लड़ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि हमारे गठबंधन सहयोगी भी समझेंगे कि वे गलत व्यक्ति से पूछ रहे हैं, उन्हें उस व्यक्ति से सवाल पूछना चाहिए जिसने गठबंधन तोड़ा है।’’
उधर, शिवसेना (उबाठा) के मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा गया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के एक-दूसरे से लड़ने के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत में फायदा मिला।
आप और कांग्रेस विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सदस्य हैं।
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने शिवसेना (उबाठा) के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय को लेकर पलटवार करते हुए कहा कि वह इस समाचारपत्र को पढ़ते ही नहीं हैं।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एसपी सिंह बघेल ने विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए इसे अवसरवादी गठबंधन बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव की पूर्व संध्या पर बने अवसरवादी गठबंधनों का अंत हमेशा इसी तरह होता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)