देश की खबरें | बेंगलुरु में ‘अवसरवादियों और सत्ता के भूखे’ नेताओं की बैठक: भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक को ‘अवसरवादियों और सत्ता के भूखे’ नेताओं की बैठक करार देते हुए सोमवार को कहा कि इस तरह के गठबंधन से वर्तमान या भविष्य में देश का कोई भला नहीं होगा।
नयी दिल्ली, 17 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक को ‘अवसरवादियों और सत्ता के भूखे’ नेताओं की बैठक करार देते हुए सोमवार को कहा कि इस तरह के गठबंधन से वर्तमान या भविष्य में देश का कोई भला नहीं होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मजाक उड़ाया और कहा कि वह बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के बजाय बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में भाग लेने गए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने दिल्ली में बाढ़ की स्थिति के दौरान केजरीवाल सरकार के ‘कुप्रबंधन’ या पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के दौरान हिंसा पर एक शब्द भी नहीं कहा, जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सत्ता में है।
प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक अवसरवादियों और सत्ता के भूखे नेताओं की बैठक है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इस तरह का गठबंधन न तो भारत के वर्तमान के लिए अच्छा है और न ही इसके भविष्य के लिए।’’
कांग्रेस, आप और तृणमूल कांग्रेस सहित 26 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के सोमवार से बेंगलुरु में दो दिवसीय मंथन सत्र में भाग लेने की उम्मीद है। विपक्षी दल 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर काम शुरू कर सकते हैं और संयुक्त रूप से अभियान शुरु करने की घोषणा कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2023 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

