देश की खबरें | पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल पर परिचालन शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल पर सोमवार को परिचालन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पोर्ट ब्लेयर, 21 अगस्त पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल पर सोमवार को परिचालन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि परिचालन की शुरुआत चेन्नई से आई एक इंडिगो उड़ान से हुई। उड़ान संख्या 6ई-6213 सुबह सात बजकर 10 मिनट पर 83 यात्रियों के साथ वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।
यहां पहुंची दूसरी उड़ान एयर इंडिया की थी। उड़ान संख्या एआई-549 चेन्नई से 84 यात्रियों को लेकर सुबह सात बजकर 20 मिनट पर उतरी।
इंडिगो का एक विमान यहां से सुबह सात बजकर 35 मिनट पर चेन्नई के लिए रवाना होने वाला पहला विमान था। विमान में 159 यात्री सवार थे। इसी तरह एयर इंडिया का विमान 161 यात्रियों के साथ वापस चेन्नई लौटा।
नए टर्मिनल पर परिचालन की शुरुआत के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आदिवासी नृत्यों के अलावा, पहले दिन यात्रियों का स्वागत गुलदस्ते और पारंपरिक आरती और तिलक के साथ किया गया। इसके साथ ही उन्हें ताड़ के पत्तों से बनी निकोबारी पारंपरिक टोपियां भी उपहार में दी गईं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 जुलाई को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की राजधानी में नए एकीकृत टर्मिनल का डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया था।
यह नया टर्मिनल 707.73 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इसकी क्षमता एक बार में 1,200 यात्रियों की है वहीं सालाना क्षमता करीब 40 लाख यात्रियों की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)