विदेश की खबरें | मारियुपोल शहर के इस्पात संयंत्र से लोगों को निकाले जाने का अभियान जारी: संयुक्त राष्ट्र

अमेरिकी सदन की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी ने बताया कि वह रूसी आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा के लिए अमेरिकी समर्थन दिखाने के लिए यूक्रेनियाई राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मिलने गई थीं।

संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता के प्रवक्ता सवियानो अब्रियू ने रविवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति के साथ मिलकर अजोवस्ताल संयंत्र में फंसे लोगों को निकालने का अभियान जारी है, जिसमें रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने स्थिति को बेहद जटिल करार दिया। हालांकि उन्होंने अधिक जानकारी साझा नहीं की।

गौरतलब है कि मारियुपोल का यह संयंत्र ही ऐसा स्थान है जहां रूस की सेना नियंत्रण हासिल नहीं कर पायी है। ऐसा अनुमान है कि संयंत्र में लगभग एक हजार आम नागरिक और दो हजार यूक्रेनी लड़ाके मौजूद हैं।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कुल 46 लोगों को अजोवस्ताल संयंत्र के पास के क्षेत्रों से निकाला गया।

इस बीच अमेरिकी सदन की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी ने यूक्रेनवासियों के साहस की प्रशंसा की है और रूस को हराने के लिए यूक्रेन को हरसंभव अमेरिकी समर्थन जारी रखने को लेकर प्रतिबद्धता जताई।

पेलोसी, रूस के साथ अगले चरण के युद्ध में यूक्रेन की जरूरतों के आकलन के लिए अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही थीं। यह प्रतिनिधिमंडल कीव पहुंचा था।

पेलोसी और छह सांसदों ने शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और उनके शीर्ष सहयोगियों से तीन घंटे तक मुलाकात की।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)