देश की खबरें | ‘आपरेशन सिंदूर’ : तेंदुलकर समेत खिलाड़ियों ने भारत की कार्रवाई की सराहना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिये भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ की भारतीय खेल जगत ने सराहना की है और चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने तो कहा ,‘‘एकता में निडर, शक्ति में असीम।’’
नयी दिल्ली, सात मई पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिये भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ की भारतीय खेल जगत ने सराहना की है और चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने तो कहा ,‘‘एकता में निडर, शक्ति में असीम।’’
भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल है।
यह कार्रवाई पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई जिसमें 26 लोग मारे गए थे और अधिकांश पर्यटक थे ।
तेंदुलकर ने ‘एक्स ’ पर लिखा ,‘‘ एकता में निडर, शक्ति में असीम । भारत की ढाल उसके लोग हैं । दुनिया में आतंकवाद के लिये कोई जगह नहीं है । हम एक टीम हैं । जय हिंद ।’’
पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा ,‘‘ अगर कोई आप पर पत्थर फेंके तो उस पर फूल फेंको लेकिन गमले के साथ । जय हिंद ।’’
भारत की 2011 वनडे विश्व कप जीत के नायक युवराज सिंह ने लिखा ,‘‘ हमारे देश की ताकत इसके लोगों की एकता और सही की रक्षा करने के हमारे संकल्प में है । हम एक देश ही नहीं बल्कि एक टीम के रूप में हर उस ताकत के खिलाफ साथ है जो अमन के लिये खतरा है । समरसता चाहने वाले विश्व में आतंकवाद के लिये कोई जगह नहीं हो सकती ।’’
पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने लिखा ,‘‘ भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की ।’’
पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने कहा ,‘‘ जय हिंद ।’’
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और भाजपा के पूर्व सांसद गौतम गंभीर ने आपरेशन सिंदूर तस्वीर के साथ लिखा ,‘ जय हिंद ।’
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आपरेशन सिंदूर की तस्वीर के साथ लिखा ,‘‘ भारतीय सशस्त्र बल ने प्रतिकूलता को सशक्त फतेह में बदल दिया । भारतीय सेना के शौर्य और साहस ने हम सभी को गौरवान्वित किया है ।’’
ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह और पहलवान योगेश्वर दत्त ने भी इसकी सराहना की ।
विजेंदर ने लिखा ,‘‘ भारत माता की जय ।’’
योगेश्वर ने लिखा ,‘‘ आतंकवाद अब बर्दाश्त नहीं करेगा भारत । जय हिंद, जय जवान ।’’
शतरंज खिलाड़ी विदित गुजराती ने लिखा ,‘‘ मुझे खुशी है कि भयानक पहलगाम हमले के बाद भारत ने आपरेशन सिंदूर के जरिये माकूल जवाब दिया । आतंकवाद का जवाब दिया ही जाना चाहिये । आपरेशन का कितना सुंदर नाम । भारत माता की जय ।’’
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और पूर्व फर्राटा धाविका पीटी उषा ने लिखा, ‘‘भारत में और दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। ’’
पूर्व विश्व चैंपियन महिला मुक्केबाज निकहत जरीन ने लिखा, ‘‘हमारे फौजी धमकी नहीं देते, कार्रवाई करते हैं। आपरेशन सिंदूर उन वीरों का प्रमाण है जो केवल साहस की बोलते हैं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2025 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

