ताजा खबरें | रूसी सशस्त्र बलों में सिर्फ 19 भारतीय तैनात हैं: सरकार

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. सरकार ने शुक्रवार को संसद में बताया कि रूसी सशस्त्र बलों में अधिकांश भारतीय नागरिकों को छुट्टी दे दी गई है और उनमें से केवल 19 ही वहां तैनात हैं।

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर सरकार ने शुक्रवार को संसद में बताया कि रूसी सशस्त्र बलों में अधिकांश भारतीय नागरिकों को छुट्टी दे दी गई है और उनमें से केवल 19 ही वहां तैनात हैं।

विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने रूसी सेना में सेवा देने के लिए भर्ती किए गए भारतीय नागरिकों की संख्या के बारे में एक लिखित सवाल के जवाब में आंकड़े साझा किए।

सरकार से पूछा गया था कि कितने ऐसे भारतीय अब भी वहां की सेना में हैं, जिन्हें अभी तक वापस नहीं भेजा गया है और रूसी अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद उनकी रिहाई और प्रत्यावर्तन में देरी के कारण क्या हैं।

उनसे यह भी पूछा गया कि क्या भारतीय दूतावास उन सभी से संपर्क करने में सक्षम है या नहीं तथा सरकार ने उनकी जल्द रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए क्या कदम उठाए हैं या उठाये जाने का प्रस्ताव है।

सिंह ने अपने जवाब में कहा, ‘‘सरकार के ठोस प्रयासों के परिणामस्वरूप, रूसी सशस्त्र बलों में अधिकांश भारतीय नागरिकों को छुट्टी दे दी गई है और कई को भारत वापस भेज दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि उपलब्ध सूचना के अनुसार वर्तमान में केवल 19 भारतीय नागरिक रूसी सशस्त्र बलों में बचे हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने संबंधित रूसी अधिकारियों से वहां के सशस्त्र बलों में शेष भारतीय नागरिकों के ठिकाने के बारे में एक अपडेट प्रदान करने और उनकी सुरक्षा, कुशलता और शीघ्र निर्वहन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now