नयी दिल्ली, सात जून सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी ने अरब सागर स्थित अपने मुंबई हाई क्षेत्र से तेल एवं गैस उत्पादन बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभवी तकनीकी सेवा प्रदाता से मदद मांगी है।
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उसने मुंबई हाई क्षेत्र से उत्पादन बढ़ाने में मदद करने वाले सेवा प्रदाता की पहचान करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय निविदा जारी की है।
तेल एवं गैस कंपनी ने कहा, ''विशाल बहुस्तरीय मुंबई हाई क्षेत्र ने 48 साल पहले 1976 में उत्पादन शुरू किया था लेकिन इस समय यह उत्पादन के अपने परिपक्व चरण में है। ओएनजीसी ने उत्पादन में सुधार के लिए इस क्षेत्र में कई योजनाएं लागू की हैं।''
मुंबई हाई क्षेत्र के संरक्षक और संचालक के रूप में ओएनजीसी एक वैश्विक तकनीकी सेवा प्रदाता के साथ मिलकर काम करना चाहती है। सेवा प्रदाता के साथ 10 साल के लिए अनुबंध किया जाएगा। अनुबंध को अगले पांच साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।
सेवा प्रदाता उत्पादन बढ़ाने के लिए तकनीकी समाधान देगा। उसे एक निश्चित शुल्क और बढ़े हुए उत्पादन से हुई आय का एक हिस्सा दिया जाएगा।
मुंबई हाई क्षेत्र, मुंबई के तट से 160 किलोमीटर दूर स्थित है और भारत के तेल उत्पादन में इसकी लगभग 38 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
अनुमान है कि इस क्षेत्र में आठ करोड़ टन तेल और 40 अरब घन मीटर से अधिक गैस का बचा हुआ भंडार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY