देश की खबरें | दिल्ली में हत्या की कोशिश के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हत्या की कोशिश के मामले में वांछित एक स्थानीय स्पोर्ट्स क्लब के मालिक को अपराध शाखा ने यहां के नजफगढ़ इलाके से गिरफ्तार किया है।

नयी दिल्ली, 25 जुलाई हत्या की कोशिश के मामले में वांछित एक स्थानीय स्पोर्ट्स क्लब के मालिक को अपराध शाखा ने यहां के नजफगढ़ इलाके से गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सुनील दहिया नजफगढ़ के कृष्ण पहलवान गैंग का सदस्य है और 12 जनवरी को उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अमित शौकीन पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें शौकीन घायल हो गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शौकीन हेमंत गैंग के करीब है और दोनों गिरोहों के बीच दुश्मनी है। उन्होंने कहा कि दहिया के खिलाफ बाबा हरिदास नगर पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया था। दहिया उत्तम नगर का निवासी है और वह कबड्डी का कोच तथा खिलाड़ी रह चुका है व जफरपुर में अपना स्पोर्ट्स क्लब चलाता है। दहिया के सहयोगी राजेश और जयभगवान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन दहिया फरार हो गया था। उसका रिश्तेदार कृष्ण अब भी फरार है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक कुमार ने कहा, ‘‘ 22 जुलाई को हमारी टीम को सूचना मिली कि दहिया नजफगढ़ आने वाला है। इसके बाद कारी गांव के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से एक पिस्तौल तथा दो कारतूस बरामद किए गए हैं।’’

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दहिया ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार जयभगवान के जरिए कृष्ण पहलवान से मिला था और बाद में उसके गैंग में शामिल हो गया था। पहलवान का प्रतिद्वंद्वी हेमंत फिलहाल तिहाड़ जेल में है। दोनों में दुश्मनी की वजह से दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हत्या एवं हत्या के प्रयास की कई घटनाएं हुईं।

दहिया ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह अपने एक रिश्तेदार के साथ अपने दोस्त के घर पर था और शौकीन संपत्ति से जुड़े एक मामले पर चर्चा करने के लिए वहां आया था।

पुलिस ने बताया कि उनके बीच बातचीत हालांकि तेज बहस में तब्दील हो गई।

अधिकारी ने कहा,‘‘ शौकीन एक दोस्त की कार में भागने में कामयाब रहा और उसे सबक सिखाने के लिए, वे (दहिया और उसके सहयोगी) दिचाऊ कलां गांव में शौकीन के घर पहुंचे। उन्होंने उसे और उसके रिश्ते के भाई अंकुश को गोली मार दी जिससे दोनों घायल हो गए।’’

पुलिस ने कहा कि दहिया के रिश्तेदार को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और साथ ही दिनेश नामक व्यक्ति का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है, जिसने हरियाणा के दाबोडा में दहिया को हथियार बेचा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\