देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में देसी बम विस्फोट में एक की मौत, तीन जख्मी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में आम के बगीचे में शनिवार को देसी बम फटने से एक शख्स की मौत हो गई और तीन अन्य जख्मी हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोलकाता, 24 जून पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में आम के बगीचे में शनिवार को देसी बम फटने से एक शख्स की मौत हो गई और तीन अन्य जख्मी हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अलीम शेख (26) विस्फोट में बुरी तरह से जख्मी हो गया था और उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट में जख्मी तीन अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शेख के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे और वह बेलडांगा के कपासडांगा गांव का रहने वाला था।
एक अन्य घटना में, अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद के रानीनगर में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के दौरान देसी बम विस्फोट में तीन लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस पर आठ जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव से पहले दहशत फैलाने के लिए अपराधियों की मदद लेने का आरोप लगाया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि इन घटनाओं के पीछे विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को डराने और उनके समर्थकों को वोट देने के लिए घर से निकलने से रोकने के वास्ते तृणमूल कांग्रेस की बड़ी साजिश है।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख व बहरमपुर से सांसद अधीर चौधरी ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस की शरण पाए बदमाश ग्रामीण चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर अशांति फैलाने के लिए बम बना रहे हैं। हमें पुलिस पर यकीन नहीं है, क्योंकि वे स्थानीय स्तर के तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।’’
तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जॉय प्रकाश मजूमदार ने कहा कि 2011 में उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ऐसी घटनाओं में जान जाने और लोगों के घायल होने की संख्या कम हुई है।
मजूमदार ने कहा कि बेलडांगा की घटना में तृणमूल कांग्रेस की संलिप्तता साबित करने का कोई सबूत नहीं है और दावा किया कि विपक्षी दल सत्तारूढ़ पार्टी पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर अशांति पैदा करने को लेकर बम बनाने के लिए बदमाशों की मदद लेने और राज्य की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दायर करने को लेकर राज्य के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई है जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है और कई लोग जख्मी हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2023 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

