देश की खबरें | पंजाब की सतलुज नदी में आई बाढ़ में एक आदमी के डूबने की आशंका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्य के शाहकोट के पास सतलुज नदी में आई बाढ़ के पानी में एक 24 वर्षीय व्यक्ति के डूबने की आशंका है। वह उफान पर चढ़ी चिट्टी नदी में बही जा रही अपनी मोटरसाइकिल को पकड़ने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मंगलवार को यह बताया।

सुल्तानपुर लोधी (पंजाब), 11 जुलाई राज्य के शाहकोट के पास सतलुज नदी में आई बाढ़ के पानी में एक 24 वर्षीय व्यक्ति के डूबने की आशंका है। वह उफान पर चढ़ी चिट्टी नदी में बही जा रही अपनी मोटरसाइकिल को पकड़ने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मंगलवार को यह बताया।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार को हुआ था जिसमें व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला है जबकि मोटरसाइकिल बरामद हो गई है।

तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से पंजाब और हरियाणा में तबाही का मंजर है जहां करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

आधिकारियों के मुताबिक सतलुज नदी ने शाहकोट इलाके में मंडला के पास धुस्सी बंद में खतरे के निशान को पार कर लिया है और बाढ़ से जालंधर और कपूरथला जिले के दो दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि 20,000 एकड़ से अधिक भूमि में रोपी गई धान की फसल तीन से चार फुट बाढ़ के पानी में डूब गई है।

मंड क्षेत्र के अंदर आने वाले 12 से अधिक गांवों में भी बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है।

प्रसिद्ध पर्यावरणविद और आम आदमी पार्टी के सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल और पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया।

राहत और बचाव अभियान में सीचेवाल के समर्थकों ने दो मोटरचालित नौकाओं की मदद से लोहियां में बाढ़ग्रस्त गांव ढाका बस्ती के 50 से अधिक लोगों को निकाला जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे।

इस दौरान कपूरथला के उपायुक्त करनैल सिंह और सुल्तानपुर लोधी की उप प्रभागीय न्यायाधीश चंद्रज्योति ने सुल्तानपुर लोधी के मंड इलाके में बाढ़ प्रभावित 14 गांवों का दौरा किया।

उपायुक्त ने आग्रह किया है कि बाढ़ से प्रभावित लोग प्रशासन द्वारा स्थापित आठ शिविरों में शरण लें। उन्होंने फंसे हुए ग्रामीणों को बचाने के लिए सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की सेवाओं की भी मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\