देश की खबरें | गाजियाबाद में बुजुर्ग की हत्या के मामले में एक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में शुक्रवार को 60 साल के बुजुर्ग की हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
गाजियाबाद, 30 दिसंबर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में शुक्रवार को 60 साल के बुजुर्ग की हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को तड़के कुछ हमलावरों ने मांगेराम (60) नामक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से अंधाधुंध वार कर दिया, सुबह करीब सात बजे उनके परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश उपाध्याय ने बताया कि घटना के बाद बुजुर्ग के बेटे ने विकास नगर में रहने वाले सुनील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी।
पुलिस ने कहा कि मांगेराम विकास नगर में एक किराने की दुकान चलाता था और वह अपने घर के बाहर सोता था। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सुनील की पत्नी के साथ कपिल (मृतक मांगेराम के तीसरे पुत्र) के कथित रूप से अवैध संबंध थे। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले सुनील की पत्नी बेटी को लेकर साथ कपिल के साथ किसी अज्ञात स्थान पर चली गयी थी, और 20 दिसंबर को लौटी थी।
उन्होंने बताया कि उस समय कपिल के माता-पिता ने उसे पंचायत के समक्ष सुनील को सौंप दिया था।
उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को वह फिर बेटी को लेकर मायके चली गई, तभी से सुनील, कपिल के परिजनों पर पत्नी को वापस लाने के लिए मदद करने का दबाव बना रहा था। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले उन्होंने मांगेराम के आवास पर हंगामा भी किया था।
पुलिस ने बताया कि आज गुस्से में आकर सुनील ने सोते समय कथित रूप से मांगेराम पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गयी ।
एसीपी उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार कर लिया है और अपराध में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2022 09:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

