पोर्ट लुइस, 12 मार्च भारतीय नौसेना के दुर्जेय विध्वंसक पोत ‘आईएनएस इंफाल’ के मॉरीशस पहुंचने के कुछ दिन बाद बुधवार को मॉरीशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह के मौके पर वहां के लोगों के लिए इसके ‘डेक’ खोल दिये गये।
यह पोत बड़ी संख्या में आने वाले उन लोगों का स्वागत करेगा जो भारतीय नौसेना के सबसे उन्नत युद्धपोतों में से एक का अवलोकन करने के लिए उत्सुक हैं।
यह युद्धपोत राष्ट्रीय दिवस समारोह के मौके पर सद्भावना यात्रा के तहत 10 मार्च को पोर्ट लुइस पहुंचा था। यह भारतीय नौसेना की उस टुकड़ी का हिस्सा है जिसने यहां राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लिया।
परेड में भारतीय नौसेना की ओर से एक मार्चिंग दस्ते और नौसेना बैंड ने हिस्सा लिया। इसके अलावा आईएनएस इंफाल के जरिए लाए गए दो उन्नत बहु-उद्देशीय हेलीकॉप्टर ने ‘फ्लाईपास्ट’ किया।
यह पोत 14 मार्च तक पोर्ट लुइस में रहेगा।
आईएनएस इंफाल के ‘कमांडिंग ऑफिसर’ कैप्टन कमल के चौधरी ने एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि परेड में भारत का प्रतिनिधित्व करना ‘‘बहुत गर्व और सम्मान की बात’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय युद्धपोतों और विमानों की भागीदारी की हमारी लंबे समय से जारी परंपरा के अनुरूप है।’’
कैप्टन चौधरी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘परेड के अलावा हम कई प्रशिक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY