देश की खबरें | नीरज के रजत पदक जीतने पर कांग्रेस ने कहा, ‘आपकी उपलब्धि पर देश को गर्व है’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाला पहला भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बनने पर शुक्रवार को उन्हें बधाई दी।
नयी दिल्ली, नौ अगस्त कांग्रेस ने नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाला पहला भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बनने पर शुक्रवार को उन्हें बधाई दी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आप हमेशा ही चैंपियन हैं। नीरज चोपड़ा, आपकी अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए बहुत-बहुत बधाई।’’
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने कहा, ‘‘पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतना आपकी लगन, कड़ी मेहनत और आपके निरंतर जुनून का प्रमाण है। आपने एक बार फिर भारत को गौरवान्वित किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चमकते रहें और नयी ऊंचाइयों को छूते रहें। आपकी सफलता के लिए शुभकामनाएं।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी चोपड़ा की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
गांधी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने पर बधाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने एक बार फिर भारत को बेहद गौरवान्वित किया है।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर से ओलंपिक में भारत का झंडा बुलंद करते हुए रजत पदक हासिल किया। देश के लिए अत्यंत खुशी और गौरव का क्षण है। ’’
उन्होंने कहा कि नीरज चोपड़ा ने लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है और वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘नीरज चोपड़ा, उनके माता पिता और सभी देशवासियों को इस उपलब्धि के लिए खूब बधाई।’’
कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता। डिफेंडिंग चैंपियन नीरज की इस उपलब्धि पर हर देशवासी को गर्व है।’’
इसने कहा, ‘‘नीरज ने अपने प्रदर्शन से देश का नाम दुनिया में ऊंचा किया है। कांग्रेस परिवार की ओर से नीरज को भविष्य के लिए शुभकामनाएं। जय हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2024 11:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

