देश की खबरें | लोकसभा नतीजों पर कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख ने कहा, 'सभी सातों सीट हारे, कुछ कमियां रहीं'

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीट हार गया और इसके पीछे कुछ 'कमियां' रहीं।

नयी दिल्ली, छह जून कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीट हार गया और इसके पीछे कुछ 'कमियां' रहीं।

यादव ने लोकसभा चुनावों के बाद दिल्ली में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने और आगे की रणनीति एवं खाका तैयार करने के लिए एक बैठक बुलाई थी। बैठक में कांग्रेस महासचिव और दिल्ली के प्रभारी दीपक बाबरिया भी मौजूद थे।

यादव ने कहा, ''विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' लोकसभा चुनावों के लिए बना था। लोकसभा में हमें एक मजबूत स्थिति की जरूरत थी और लोकतंत्र को बचाने के लिए समान विचारधारा वाले दल कैसे एक साथ आ सकते हैं। यह सच है कि हमें यहां सभी सात सीट पर हार मिली और कुछ कमियां भी रहीं।''

यादव ने कहा कि कई असफलताओं का सामना करने के बाद भी कांग्रेस का मत प्रतिशत ज्यादा नहीं गिरा।

उन्होंने कहा, ''हमने केवल तीन सीट पर चुनाव लड़ा और अपना मत प्रतिशत बरकरार रखा। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी टीम इससे उबर जाएगी। हमने बृहस्पतिवार को पहली समीक्षा बैठक की और अगले दो से तीन दिन में हम ऐसी (और) बैठकें करेंगे।''

वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी का गठबंधन केवल लोकसभा चुनावों के लिए था। उन्होंने संकेत दिया कि केंद्र शासित प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में अकेले ही मैदान में उतरेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\