देश में सामने आए COVID के 6358 नए केस, ओमिक्रॉन मामले बढ़कर हुए 653- महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा संक्रमित
भारत के 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ओमीक्रोन के 653 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 186 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या विदेश चले गए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी गई.
नयी दिल्ली, 28 दिसंबर : भारत के 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ओमीक्रोन के 653 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 186 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या विदेश चले गए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार को अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी गई. ओमीक्रोन के महाराष्ट्र में सर्वाधिक 167 मामले पाए गए हैं. इसके बाद दिल्ली में 165, केरल में 57, तेलंगाना में 55, गुजरात में 49 और राजस्थान में 46 मामले सामने आए हैं. मंत्रालय के सुबह आठ बजे के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में 6,358 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,47,99,691 हो गई है, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 75,456 रह गई है.
इस दौरान 293 और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 4,80,290 हो गई है. पिछले 61 दिन से कोरोना वायरस संक्रमण के दैनिक मामले लगातार 15,000 से कम रह रहे हैं. मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 75,456 रह गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.22 प्रतिशत है. यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. पिछले 24 घंटों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 385 मामलों की कमी आई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोविड-19 से मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98.40 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है. यह भी पढ़ें : Omicron Scare: भारत में बढ़ी ओमिक्रॉन की रफ्तार, एक दिन में 150 से ज्यादा नये मामले आए सामने, कुल संख्या 600 के पास पहुंची
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 28, 2021 10:49 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

