उमर मिर्गी से पीड़ित, वह खुद के लिये खेलता है : सेठी
उमर पर हाल में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से पहले भ्रष्ट संपर्कों की सूचना नहीं देने के कारण तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
कराची, एक मई पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष नजम सेठी ने खुलासा किया है कि प्रतिबंधित बल्लेबाज उमर अकमल को मिर्गी के दौरे पड़ते हैं जिसके लिये उसने उपचार लेने से इन्कार कर दिया था।
उमर पर हाल में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से पहले भ्रष्ट संपर्कों की सूचना नहीं देने के कारण तीन साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
सेठी 2013 से 2018 तक पीसीबी के अध्यक्ष और कार्यकारी समिति के प्रमुख रहे। उन्होंने कहा कि जब वह बोर्ड के अध्यक्ष बने तो उन्होंने जिस पहली समस्या का सामना किया वह उमर से जुड़ी थी।
सेठी ने एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘हमारे पास चिकित्सा रिपोर्ट थी जिसमें पुष्टि की गयी थी उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं और हमने उसे वेस्टइंडीज से वापस बुला दिया। जब मैं उससे मिला तो मैंने उससे कहा कि यह गंभीर समस्या है और उसे विश्राम लेकर उचित उपचार कराने की जरूरत है। लेकिन वह यह मानने के लिये तैयार ही नहीं था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ जो भी हो मैंने उसे दो महीने तक खेलने से रोक दिया लेकिन बाद में हमने चिकित्सा रिपोर्ट चयनकर्ताओं के पास भेज दी और उन पर फैसला छोड़ दिया क्योंकि मुझे उनके काम में हस्तक्षेप करना पसंद नहीं था। ’’
मिर्गी केंद्रीय तंत्रिता तंत्र (न्यूरोलॉजिकल) से जुड़ी बीमारी है जिसमें मस्तिष्क की गतिविधियां असामान्य हो जाती है।
सेठी ने इसके साथ ही कहा कि उमर बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर है लेकिन वह खुद को टीम से बड़ा समझता है।
उन्होंने कहा, ‘‘उसे अनुशासन में रहना पसंद नहीं है। वह टीम के लिये नहीं खुद के लिये खेता है। वह अनुशासन की परवाह नहीं करता। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 10:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

