देश की खबरें | बांके बिहारी मंदिर के पास पुरानी इमारत गिरी: पांच श्रद्धालुओं की मौत, चार घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मथुरा जिले के वृन्दावन स्थित विश्वप्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के निकट मंगलवार की शाम एक पुरानी इमारत गिरने से वहां से गुजर रहे तीर्थयात्रियों में से पांच लोगों की मौत हो गई तथा चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मथुरा (उप्र), 15 अगस्त मथुरा जिले के वृन्दावन स्थित विश्वप्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के निकट मंगलवार की शाम एक पुरानी इमारत गिरने से वहां से गुजर रहे तीर्थयात्रियों में से पांच लोगों की मौत हो गई तथा चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के नजदीक एक पुरानी इमारत का छज्जा और दीवार ढहने से मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत हो गई तथा चार अन्य जख्मी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के पास दुसायत इलाके में बिहारीपुरा निवासी विष्णु बाग वाले के जर्जर मकान के छज्जे पर बंदरों की उछल-कूद के कारण छज्जे का एक बड़ा हिस्सा बाजार से गुजर कर मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं पर आ गिरा। इस घटना में करीब 12 श्रद्धालु मलबे में दब गए।

उन्होंने बताया कि जब तक लोग उन्हें निकालने के लिए आगे बढ़ पाते, तीन मंजिला मकान की एक दीवार भी उन पर आ गिरी। वे सभी काफी देर तक मलबे में ही दबे रह गए।

उन्होंने बताया कि जैसे-तैसे गंभीर रूप से घायल लोगों को बाहर निकाला गया। रास्ता संकरा होने के कारण एंबुलेंस भी वहां नहीं पहुंच सकी। तब ई-रिक्शों एवं पुलिस की जीप में घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

सूत्रों ने बताया कि चिकित्सकों ने एक-एक कर तीन महिलाओं सहित पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज किया जा रहा है

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अजय कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं की पहचान हो गई है। मृतकों में कानपुर नगर निवासी गीता कश्यप (50), रश्मि गुप्ता (50), अरविंद कुमार यादव (35), देवरिया निवासी चंदन राय (28) और वृन्दावन की रहने वाली अंजू मुरगई (51) शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\