देश की खबरें | गुरुग्राम में यात्रियों ने ओला कैब चालक को लूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुरुग्राम में शुक्रवार को तीन यात्रियों ने ओला के एक कैब चालक के साथ लूटपाट की। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों ने चालक से उसका आईफोन और बटुआ छीन लिया।
गुरुग्राम, 12 मई गुरुग्राम में शुक्रवार को तीन यात्रियों ने ओला के एक कैब चालक के साथ लूटपाट की। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों ने चालक से उसका आईफोन और बटुआ छीन लिया।
कैब चालक सचिन कुमार द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना सेक्टर 89-ए में तड़के करीब 2.45 बजे हुई।
शिकायत में कहा गया है कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को छोड़ने के बाद, कुमार को स्टेशन के पास से करीब ढाई बजे ओला ऐप पर एक बुकिंग मिली, जिसके बाद तीन लोग उसकी गाड़ी में सवार हो गए।
इसमें कहा गया है कि सेक्टर 89-ए में गंतव्य स्थान पहुंचने के बाद यात्रियों में से एक ने उसे किराया दिया, लेकिन जब कुमार ने शेष राशि वापस करने के लिए अपना बटुआ निकाला तो तीनों ने उस पर हमला किया और उसका फोन और बटुआ लेकर भाग गए।
दिल्ली के सरिता विहार निवासी कुमार ने कहा कि उसके पास एक आईफोन था और उसके बटुए में 8,000 रुपये नकद, उसका ड्राइविंग लाइसेंस और क्रेडिट कार्ड था।
अधिकारियों ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ सेक्टर 10-ए थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
उप-निरीक्षक सतबीर ने कहा, “हम इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)