आफशोर, ईटीएफ कोषों से मार्च तिमाही में 5 अरब डॉलर की निकासी
मार्निंग स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर को समाप्त तिमाही में 2.1 अरब डॉलर की शुद्ध रूप से निकासी की गयी थी।
नयी दिल्ली, 18 मई भारत में निवेश से जुड़े अंतरराष्ट्रीय निवेश कोषों (ऑफशोर फंड) और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में मार्च 2020 को समाप्त तिमाही में शुद्ध रूप से 5 अरब डॉलर की पूंजी की निकासी हुई है। कोरोना वायरस संकट के बीच यह लगातार आठवीं तिमाही है जब शुद्ध रूप से निवेश राशि बाजार से निकाली गयी है।
मार्निंग स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर को समाप्त तिमाही में 2.1 अरब डॉलर की शुद्ध रूप से निकासी की गयी थी।
रिपोर्ट के अनुसार जून 2018 को समाप्त तिमाही में इन दोनों कोष से शुद्ध रूप से 16.3 अरब डॉलर की निकासी की गयी है। भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोष और ईटीएफ कुछ ऐसे प्रमुख निवेश माध्यम हैं जिसके जरिये विदेशी निवेशक देश के शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं।
इसमें कहा गया है कि जनवरी-मार्च, 2020 तिमाही में कुल 5 अरब डॉलर की शुद्ध निकासी में से भारत केंद्रित ‘आफशोयर ईटीएफ’ से 3.6 अरब डॉलर जबकि शेष 1.4 अरब डॉलर भारत में निवेश से संबद्ध ‘आफशोर फंड’ से निकाले गये।
मार्निंगस्टार के अनुसार स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 2020 की पहली तिमाही में लगभग उतनी ही राशि निकाली गयी जितनी की पूरे 2019 और 2018 में है। वर्ष 2019 में जहां 5.9 अरब डॉलर की निकासी दोनों कोष से हुई थी वहीं 2018 में यह रकम 5.3 अरब डॉलर थी।
रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘भारत में निवेश से जुड़े कोषों से पैसा निकाले जाने का मतलब है कि दीर्घकलीन निवेश रुख रखने विदेशी निवेशक सतर्क रुख अपना रहे है। यह चिंताजनक है लेकिन कोरोना वायरस संकट के कारण देश के मौजूदा आर्थिक परिदृश्य और अनिश्चितता को देखते हुए यह अपेक्षा के अनुरूप है। ’’
इसमें कहा गया है, ‘‘भारत केंद्रित ‘ऑफशोर फंड’ और ईटीएफ में निवेश की प्रवृत्ति आने वाले समय में इस बात पर निर्भर करेगी कि भारत अन्य देशों की तुलना में कोरोना वायरस महामारी से कैसे पार पाता है तथा सरकार देश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 09:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

