बेरहामपुर, नौ जुलाई ओडिशा के गंजम जिले में 28 वर्षीय एक महिला अपने घर में मृत पाई गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को बडागडा थाना क्षेत्र की आरती दहुरी अपने घर में मृत मिली। उसकी छह साल की बेटी और पांच माह का बेटा है।
महिला के पिता देवराज नाहक ने आरोप लगाया कि उसके पति ने पीट-पीटकर उनकी बेटी को मार डाला।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उसके पति को शक था कि उसका (महिला का) विवाहेतर संबंध है जिसके कारण कुछ महीनों से दोनों के बीच झगड़ा होता था। उसके पति ने उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया। हमें संदेह है कि संभवत: उसके पति ने ही उसकी हत्या की है।’’
नाहक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
आरती के पति राजू दहुरी ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा कर खुदकुशी की है।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए महाराजा कृष्ण चंद गजपति मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच की जा रही है और मृतका के पति और पिता दोनों से पूछताछ हो रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY