खेल की खबरें | ओडिशा स्कूलों, कॉलेजों में शतरंज को बढ़ावा देगा : मुख्यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में शतरंज को बढ़ावा देगी।

भुवनेश्वर, 15 जुलाई ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में शतरंज को बढ़ावा देगी।

यहां के लोक सेवा भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने पद्मिनी राउत को शतरंज ओलंपियाड रिले मशाल सौंपते हुए कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि यह अपनी स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष पर इस तरह के एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है।

किरण मनीषा मोहंती रिले मशाल को लेकर लोक सेवा भवन पहुंची जहां उन्होंने इसे अखिल भारतीय शतरंज संघ (एओसीए) के मुख्य संरक्षक अच्युत सामंत को सौंप दिया। मुख्यमंत्री ने सामंत से मशाल ग्रहण की।

किरण और पद्मिनी दोनों ओडिशा के अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी हैं। चेन्नई में होने वाले ओलंपियाड में राज्य के छह खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

पटनायक ने कहा कि राज्य के कुछ खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शतरंज स्पर्धाओं में अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने 2016 में विश्व जूनियर शतरंज चैंपियनशिप का भी आयोजन किया था। हम राज्य भर में खासकर स्कूलों में खेल को और मजबूत करना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि शतरंज एक ऐसा खेल है जिसे आसानी से सिखाया जा सकता है क्योंकि इसके लिए बहुत अधिक बुनियादी ढांचे या उपकरणों की आवश्यकता नहीं होती है।

पटनायक ने कहा, ‘‘ हम नियमित रूप से स्कूल और कॉलेज स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करेंगे और पेशेवर तरीके से खेल को बढ़ावा देंगे।’’

उन्होंने शतरंज ओलंपियाड के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि भारत में शायद यह पहली बार हो रहा जब 200 से अधिक देशों के खिलाड़ी किसी आयोजन में भाग लेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\