देश की खबरें | ओडिशा : छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया, ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने के बाद आत्मदाह करने वाली कॉलेज छात्रा का अंतिम संस्कार मंगलवार को ओडिशा के बालासोर जिले में उसके पैतृक गांव में किया गया।
भुवनेश्वर/बालासोर, 15 जुलाई एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने के बाद आत्मदाह करने वाली कॉलेज छात्रा का अंतिम संस्कार मंगलवार को ओडिशा के बालासोर जिले में उसके पैतृक गांव में किया गया।
गांव के श्मशान घाट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित हजारों लोगों की मौजूदगी में छात्रा के चचेरे भाई ने उसे मुखाग्नि दी।
स्थानीय लोगों ने नम आंखों से छात्रा को अंतिम विदाई दी। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में लोग श्मशान घाट पहुंचे।
छात्रा के पिता की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी बेटी ने मुझे लड़ना सिखाया और मैं यह लड़ाई जारी रखूंगा। मुझे न धन की जरूरत है, न किसी मुआवजे की। मुझे मेरी बेटी चाहिए। क्या सरकार मेरी बच्ची को मुझे वापस ला सकती है?’’
जब छात्रा की मां से उनकी मांगों के बारे में पूछा गया तो वे बस इतना ही कह सकीं, ‘‘कृपया मुझे माफ कर दीजिए। मैं कुछ कहने की हालत में नहीं हूं।’’
एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर ‘‘यौन उत्पीड़न’’ किए जाने के मामले में न्याय न मिलने पर खुद को आग लगाने वाली छात्रा ने तीन दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सोमवार रात दम तोड़ दिया।
वह बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय में एकीकृत बीएड पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। यौन उत्पीड़न के आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आहत छात्रा ने शनिवार को यह कदम उठाया और वह 95 प्रतिशत तक झुलस गई थी।
इस मामले में फकीर मोहन (स्वायत्त) महाविद्यालय के प्राचार्य दिलीप घोष और शिक्षा विभाग के अध्यक्ष समीर कुमार साहू को गिरफ्तार किया जा चुका है। साहू पर छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 12:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

