देश की खबरें | ओडिशा में 2022 में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध के सबसे अधिक मामले दर्ज : एनसीआरबी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में 2022 में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध के 542 मामले दर्ज किए गए, जो भारत के किसी भी राज्य की तुलना में सर्वाधिक है। यह खुलासा राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा जारी नवीनतम रिपोर्ट में हुआ है।

भुवनेश्वर, पांच दिसंबर ओडिशा में 2022 में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध के 542 मामले दर्ज किए गए, जो भारत के किसी भी राज्य की तुलना में सर्वाधिक है। यह खुलासा राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा जारी नवीनतम रिपोर्ट में हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दर्ज कुल 542 मामलों में से 269 अश्लील सामग्री प्रकाशित करने या प्रसारित करने से जुड़े थे और शेष 273 ब्लैकमेलिंग, मानहानि,तस्वीर से छेड़छाड़ और नकली प्रोफाइल सहित अन्य साइबर अपराधों से संबंधित हैं।

देश में अश्लील सामग्री प्रकाशित करने या प्रसारित करने के मामले में ओडिशा दूसरे स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश 455 महिलाओं के खिलाफ 450 साइबर पोर्नोग्राफी अपराधों के साथ सूची में शीर्ष पर है।

इसी प्रकार, ओडिशा में तस्वीर या वीडियो से छेड़छाड़ करने के कुल 273 मामले दर्ज किए गए, जो किसी भी राज्य में सबसे अधिक है। वहीं, 75 ऐसे मामलों के साथ उत्तराखंड दूसरे स्थान पर और 24 मामलों के साथ तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है।

ओडिशा में 2022 के दौरान देश में सबसे अधिक 1,120 लोगों की मानव तस्करी की गई है। इनमें 502 महिलाएं थीं। मानव तस्करी के मामले में महाराष्ट्र (805 पीड़ित) दूसरे स्थान पर रहा।

हालांकि, ओडिशा में 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में कमी देखी गई। पिछले साल राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 23,648 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 के 31,352 मामलों के मुकाबले कम है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण हुई आठ हत्याओं के साथ ओडिशा देश में झारखंड (17) के बाद दूसरे स्थान पर था। ओडिशा में 2022 के दौरान राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण दंगों के 224 मामले दर्ज किए गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\