एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ओडिशा: अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस के खराब हो जाने से मरीज की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के गंजाम जिले में अस्पताल ले जाते समय सरकारी एंबुलेंस के खराब हो जाने के कारण एक मरीज की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | ओडिशा: अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस के खराब हो जाने से मरीज की मौत

ब्रह्मपुर (ओडिशा), चार जुलाई ओडिशा के गंजाम जिले में अस्पताल ले जाते समय सरकारी एंबुलेंस के खराब हो जाने के कारण एक मरीज की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खलीकोट घाट क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक मरीज को ले जा रही एंबुलेंस खराब हो गई और तीन घंटे तक रास्ते में ही फंसी रही। उसके बाद मरीज को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई।

ऐतीपुर गांव निवासी शंकर महाराणा (19) बृहस्पतिवार दोपहर को क्रिकेट खेल रहा था और उस समय पेट में गेंद लगने से वह घायल हो गया।

उसके परिवार के सदस्य उसे पास के बालूगांव अस्पताल ले गए, जहां उसे बेहतर इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक के बड़े भाई शिवा महाराणा ने बताया, ‘‘उसे एमकेसीजी अस्पताल ले जाने में देरी हुई और एंबुलेंस से ब्रह्मपुर ले जाते समय यह घटना हुई। करीब 50 किलोमीटर की यात्रा करने के बाद खलीकोट घाट क्षेत्र में वाहन खराब हो गया और दूसरी एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए।’’

मृतक के भाई ने बताया, ‘‘हमने दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था करने की बहुत कोशिश की, लेकिन कोडाला से दूसरी गाड़ी को घटनास्थल पर पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए। हम तड़के करीब पौने चार बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

गंजाम के मुख्य जिला चिकित्साधिकारी (सीडीएमओ) सुकांत कुमार नायक ने बताया कि उनका ‘‘108 एंबुलेंस पर कोई नियंत्रण नहीं है और एंबुलेंस की आवाजाही को केंद्रीय स्तर पर नियंत्रित किया जाता है’’।

सीडीएमओ ने बताया कि वह घटना की जांच करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).