देश की खबरें | ओडिशा: गोत्र में विवाह करने पर आदिवासी जोड़े को लकड़ी के हल से बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के कोरापुट जिले में रविवार को एक ही गोत्र में शादी करने पर एक जोड़े को कथित तौर पर लकड़ी के हल से बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोरापुट (ओडिशा), 13 जुलाई ओडिशा के कोरापुट जिले में रविवार को एक ही गोत्र में शादी करने पर एक जोड़े को कथित तौर पर लकड़ी के हल से बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना आदिवासी बहुल जिले के नारायणपटना ब्लॉक के नादिमेइतिकी गांव में हुई। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के अनुसार, जोड़े को लकड़ी के हल से बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। हालांकि, ‘पीटीआई’ स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जोड़े का प्रेम विवाह वर्जित माना गया क्योंकि दोनों एक ही गोत्र के थे, जो पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों का उल्लंघन था।
सार्वजनिक अपमान के बाद, गांव के बुजुर्गों ने समुदाय को 'शुद्ध' करने के लिए एक तथाकथित 'शुद्धिकरण अनुष्ठान' किया।
एक ग्रामीण नागेश टांडी ने कहा, "हमारी परंपरा के अनुसार, ऐसे रिश्ते दुर्भाग्य लाते हैं, खासकर फसलों पर। यह प्रतीकात्मक सज़ा एक चेतावनी थी।"
उन्होंने बताया कि 'शुद्धिकरण' के बाद, जोड़े को पति के पिता के साथ रहने की अनुमति दे दी गई।
नारायणपटना के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद नायक ने पुष्टि की कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा, "जांच के लिए एक टीम भेजी गई है। मामले की जांच की जा रही है।"
एक हफ्ते के भीतर राज्य में यह इस तरह की दूसरी घटना है।
बुधवार को रायगढ़ जिले में भी इसी तरह की एक घटना हुई, जिसमें एक युवक और युवती के कंधों पर हल बांधकर उन्हें ग्रामीणों और समुदाय के बुजुर्गों के सामने खेत जोतने के लिए मजबूर किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 10:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

