एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ओडिशा सरकार नौ अगस्त को सुभद्रा योजना की तीसरी किस्त जारी करेगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा की उप मुख्यमंत्री प्रवाती परिदा ने बुधवार को बताया कि राज्य सरकार कोरापुट जिले में नौ अगस्त को ‘सुभद्रा योजना’ के तहत एक करोड़ लाभार्थी महिलाओं को पांच हजार रुपये की तीसरी किस्त जारी करेगी।

देश की खबरें | ओडिशा सरकार नौ अगस्त को सुभद्रा योजना की तीसरी किस्त जारी करेगी

भुवनेश्वर, 30 जुलाई ओडिशा की उप मुख्यमंत्री प्रवाती परिदा ने बुधवार को बताया कि राज्य सरकार कोरापुट जिले में नौ अगस्त को ‘सुभद्रा योजना’ के तहत एक करोड़ लाभार्थी महिलाओं को पांच हजार रुपये की तीसरी किस्त जारी करेगी।

‘सुभद्रा योजना’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर 2024 को गई थी। यह योजना 21 से 60 साल की आयु की पात्र महिलाओं को 2024-25 से 2028-29 तक पांच वर्षों में 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार की गई है।

हर लाभार्थी को सालाना 10,000 रुपये की सहायता दो किस्तों में दी जाती है। पहली किस्त रक्षा बंधन (राखी पूर्णिमा) पर और दूसरी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (आठ मार्च) पर जारी की जाती है।

इस वर्ष रक्षा बंधन नौ अगस्त को मनाया जाएगा।

परिदा ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि जो महिलाएं हाल ही में 21 वर्ष की हुई हैं, वे नौ अगस्त के बाद इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आर्थिक सहायता की पहली किस्त पाने वाली लगभग दो लाख महिलाएं बाद में अयोग्य पाई गईं, क्योंकि उनके नाम पर पांच एकड़ से अधिक भूमि, वाहन मिला या उन्होंने आयकर रिटर्न दाखिल किया था।

परिदा ने कहा, “हमारे अधिकारी इन अपात्र लाभार्थियों का जमीनी-स्तर पर निरीक्षण करेंगे। जो महिलाएं पात्र पाई जाएंगी, उन्हें एकमुश्त राशि दी जाएगी।”

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिन महिलाओं ने ‘शून्य आयकर रिटर्न’ भरा है या जिनकी वार्षिक आय ढाई लाख रुपये से कम है, वे इस योजना के लिए पात्र मानी जाएंगी।

परिदा ने कहा कि 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी 93,000 महिलाओं को लाभार्थी सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं की सूची संबंधित विभाग को भेज दी गई है, ताकि उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजना (वृद्धावस्था पेंशन) में शामिल किया जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 30, 2025 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).