देश की खबरें | ओडिशा : बीजद उम्मीदवार प्रमिला मलिक ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीजू जनता दल (बीजद) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रमिला मलिक ने 22 सितंबर को होने वाले ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
भुवनेश्वर, 21 सितंबर बीजू जनता दल (बीजद) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रमिला मलिक ने 22 सितंबर को होने वाले ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
वरिष्ठ मंत्रियों व महिला नेताओं के साथ पहुंचीं मलिक ने यहां ओडिशा विधानसभा सचिव दशरथी सत्पथी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे होगा।
इससे पहले छह बार की विधायक रहीं मलिक ने नामांकन दाखिल करने से पहले नवीन पटनायक सरकार से इस्तीफा दे दिया।
सदन में पूर्ण बहुमत होने की वजह से सत्तारूढ़ बीजद, मलिक के इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने को लेकर आश्वस्त है। सत्तारूढ़ दल के पास 113 विधायक हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के सदन में 22, कांग्रेस के नौ, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक और एक निर्दलीय विधायक हैं। सूर्य नारायण पात्रो के निधन के बाद एक सीट खाली है।
सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दल मलिक के खिलाफ किसी उम्मीदवार को नहीं उतारेंगे क्योंकि उनके पास जरूरी संख्या में विधायक नहीं है।
नामांकन दाखिल करने के बाद मलिक ने कहा, ''अध्यक्ष पद के लिए पार्टी उम्मीदवार के रूप में नामित करने के लिए मैं बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बहुत आभारी हूं। अध्यक्ष होने के नाते मैं सभी सदस्यों को साथ लेकर चलने व सदन के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने का प्रयास करूंगी।''
जाजपुर जिले की बिंझार विधानसभा सीट (अनुसूचित जाति) का प्रतिनिधित्व करने वाली मलिक से जब पूछा गया कि क्या वह अध्यक्ष बनने के लिए मंत्री पद छोड़ने पर खुश हैं तो उन्होंने कहा, ''मैं इस फैसले से वास्तव में बहुत खुश हूं। मैं ओडिशा की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष बनूंगी।''
मलिक ने कहा कि खुद बीजद अध्यक्ष द्वारा विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उनका नामांकन महिला सशक्तीकरण के लिए मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मलिक ने कहा, ''पटनायक ने 2019 लोकसभा चुनाव में 30 फीसदी महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। अब उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए भी एक महिला को नामित किया है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)