देश की खबरें | ओडिशा विधानसभा को मिलेगा एक नया नेता प्रतिपक्ष

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा विधानसभा में नए अध्यक्ष, सरकार के मुख्य सचेतक और संसदीय कार्य मंत्री की नियुक्ति के बाद मानसून सत्र में सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में एक नए चहरे के नजर आने की संभावना है।

भुवनेश्वर, 28 जून ओडिशा विधानसभा में नए अध्यक्ष, सरकार के मुख्य सचेतक और संसदीय कार्य मंत्री की नियुक्ति के बाद मानसून सत्र में सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में एक नए चहरे के नजर आने की संभावना है।

ओडिशा विधानसभा का मानसून सत्र दो जुलाई से शुरू हो रहा है। सत्र चार अगस्त तक चलेगा और इसमें 24 कामकाजी दिन होंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल के नेता प्रतिपक्ष के रूप में एक नए व्यक्ति को नियुक्त करने की संभावना है, क्योंकि सदन में मौजूदा विपक्ष के नेता एवं भवानीपटना के विधायक प्रदीप्त कुमार नाइक कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद से करीब एक साल से अस्पताल में भर्ती हैं।

भाजपा 29 और 30 जून को अपनी दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी की बैठक करेगी, जिसमें नए नेता प्रतिपक्ष के चयन पर निर्णय किया जा सकता है।

पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पूर्व मंत्री एवं संबलपुर के विधायक जयनारायण मिश्रा, मुख्य विपक्षी सचेतक एवं क्योंझर के विधायक मोहन चरण मांझी और देवघर के विधायक सुभाष पाणिग्रही के नाम इस पद पर नियुक्ति के लिए चर्चा में हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदीप नाइक क्योंकि पश्चिमी ओडिशा से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए संभावना है कि नया नेता प्रतिपक्ष भी उसी क्षेत्र से हो। भाजपा वहां तटीय व दक्षिणी ओडिशा की तुलना में बेहतर स्थिति में है।

मिश्रा और मांझी दोनों पश्चिमी ओडिशा से नाता रखते हैं।

भाजपा विधायकों ने नए नेता प्रतिपक्ष के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती को प्रस्ताव भेजा है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि मानसून सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया जाना है और इस सत्र में पूर्ण बजट भी पेश किया जाएगा, इसलिए भाजपा को पार्टी के विचारों तथा सुझावों को रखने के लिए एक नेता की जरूरत है।

मानसून सत्र में राज्य के वित्त मंत्री निरंजन पुजारी वित्त वर्ष 2022-23 का पूर्ण बजट पेश करेंगे।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष बी. के. अरुखा ने मानसून सत्र शुरू होने से पहले 29 जून को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now