Odisha: ओडिशा में बोरवेल में गिरी 80 साल की बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला गया, हालात गंभीर
ओडिशा के सोनेपुर जिले में 80 वर्षीय एक महिला 20 फुट गहरे बोरवेल में गिर गई, जिसके बाद कई घंटों तक बचाव अभियान चलाया गया और उसे बाहर निकाला गया .
भुवनेश्वर, 14 नवंबर : ओडिशा के सोनेपुर जिले में 80 वर्षीय एक महिला 20 फुट गहरे बोरवेल में गिर गई, जिसके बाद कई घंटों तक बचाव अभियान चलाया गया और उसे बाहर निकाला गया . पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि महिला की हालत गंभीर है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सदर खंड के कैनफुला गांव के पास एक जंगली इलाके की है. दुखी नेगी नाम की महिला सोमवार की शाम को लकड़ी इकट्ठा करने के लिए बाहर गई थी, उसी दौरान यह हादसा हुआ. स्थानीय लोगों ने पूरी रात महिला की तलाश की और पुलिस को भी सूचना दी.
मंगलवार को सुबह पता चला कि महिला बोरवेल में गिर गई है, जिसके बाद अग्निशमन सेवा और ओडिशा आपदा त्वरित मोचन बल (ओडीआरएएफ) ने बचाव अभियान शुरू किया. यह बचाव अभियान पांच घंटे तक चला. उसके परिवार ने दावा किया कि महिला मूक-बधिर है. बचाव दल ने महिला को सांस लेने में मदद के लिए बोरवेल में ऑक्सीजन की आपूर्ति की और उसे बाहर निकालने के लिए एक समानांतर गड्ढा खोदा गया. सोनेपुर के पुलिस अधीक्षक अमरेश पांडा ने बताया कि जब महिला को बाहर निकाला गया तब उसकी नब्ज दर बेहद धीमी थी और उसे अस्पताल ले जाया गया.
उन्होंने बताया कि महिला पास एक सांप भी मिला, लेकिन अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि महिला को सांप ने काटा था या नहीं. यह भी पढ़ें : Delhi Air Pollution: दिवाली पर भाजपा ने पटाखा फोड़ने के लिए उकसाया, इसलिए बढ़ा प्रदूषण, AAP ने लगाया आरोप
बचाव दल के सदस्य गोपबंधु नायक ने बताया कि महिला बोरवेल की दीवार पर हाथ रखकर बैठी हुई अवस्था में मिली. सहायक अग्निशमन अधिकारी धनंजय मलिक ने कहा, ‘‘हमने उसे बचाने के लिए बोरवेल के पास एक और गड्ढा खोदा. बचाव अभियान के दौरान, हम उसे देख पा रहे थे, लेकिन वह हमारी किसी भी बात का जवाब नहीं दे पा रही थी.’’ अग्निशमन सेवा के महानिदेशक सुधांशु सारंगी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महिला को ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई और एक समानांतर गड्ढा खोदा गया.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 14, 2023 01:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

