देश की खबरें | ओएएस अधिकारी वरिष्ठ सहकर्मी पर हमले के मामले में भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद काम पर लौटे

भुवनेश्वर, चार जुलाई भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के अतिरिक्त आयुक्त पर हमले के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जगन्नाथ प्रधान की गिरफ्तारी के बाद ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) के अधिकारी काम पर लौट आए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ओएएस अधिकारी बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू पर हमले के विरोध में मंगलवार से सामूहिक अवकाश पर थे। सोमवार को बदमाशों के एक समूह ने साहू को उनके कार्यालय से कथित तौर पर बाहर खींचकर उनके साथ मारपीट की थी।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीना ने बताया कि पीड़ित और आरोपी व्यक्तियों के बयान के अलावा प्रारंभिक जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रधान को गिरफ्तार किया गया है।

मीना के मुताबिक, घटना के सिलसिले में अब तक जगन्नाथ प्रधान सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एक अधिकारी ने बताया कि साहू पर हमले के कथित साजिशकर्ता प्रधान की गिरफ्तारी के बाद ओएएस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार रात अपना 'काम बंद करो' आंदोलन वापस ले लिया और शुक्रवार सुबह वे काम पर लौट आए।

बरहामपुर नगर निगम के उपायुक्त आशीर्वाद परिदा ने कहा, ‘‘आज हमने कामकाज फिर से शुरू कर दिया। हमारी मांग पूरी होने के बाद एसोसिएशन ने सभी ओएएस अधिकारियों को ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया। हमने शुक्रवार से फिर से काम शुरू कर दिया।’’

भुवनेश्वर मध्य निर्वाचन क्षेत्र से 2024 का ओडिशा विधानसभा चुनाव हारने वाले प्रधान ने बृहस्पतिवार रात भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में प्रधान को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी के अनुसार, भाजपा नेता को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस बीच, बीएमसी कार्यालय की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बीएमसी भवन में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

बीएमसी आयुक्त राजेश प्रभाकर पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस आयुक्त के साथ चर्चा के बाद हमने अपने कार्यालय में कुछ अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)