पुणे में नर्स कोरोना वायरस से संक्रमित हुई, 30 को पृथक वास में भेजा
रूबी हॉल क्लिनिक की 45 वर्षीय नर्स के शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
पुणे/ठाणे, 12 अप्रैल महाराष्ट्र के पुणे में एक निजी मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल की एक नर्स के कोरोना वारयस से संक्रमित होने के बाद उनकी 30 सहकर्मियों को पृथक वास में भेज दिया गया है।
रूबी हॉल क्लिनिक की 45 वर्षीय नर्स के शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
अस्पताल के निदेशक, डॉ संजय पठारे ने रविवार को बताया कि जनरल वार्ड में काम करने वाली नर्स छुट्टी पर थीं और जब काम पर लौटीं तो उनमें कोरोना वायरस संक्रमण के मामूली लक्षण थे। इसके बाद उनके नमूने की जांच कराई गई जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में उनके साथ काम करने वाली 25 से 30 नर्सों को एहतियातन पृथक वास में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया पीड़िता की हालत स्थिर है।
इस बीच, ठाणे जिले के भिवंडी शहर में 62 वर्षीय बुजुर्ग के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि वह ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आए हैं जो दिल्ली में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुआ था।
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत धुले ने बताया कि बुजुर्ग जिले में मुंब्रा गए थे जहां वह उस शख्स के संपर्क में आए जिसने निमाजुद्दीन में हुए कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
अधिकारी ने बताया कि उन्हें मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके परिवार के नौ सदस्यों को पृथक वास में भेज दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2020 06:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

