पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 4,414 पहुंची
पाकिस्तान में अधिकारियों को दो सप्ताह के आंशिक बंद के बाद भी तेजी से फैलने वाले इस वायरस को रोकने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस्लामाबाद, नौ अप्रैल पाकिस्तान में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 340 नए मामले सामने आने के बाद देश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 4,414 तक पहुंच गई है।
पाकिस्तान में अधिकारियों को दो सप्ताह के आंशिक बंद के बाद भी तेजी से फैलने वाले इस वायरस को रोकने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के अनुसार इस संक्रमण से देश में अब तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से पांच की मौत तो एक ही दिन में हुई। अब तक कुल 572 लोग इस वायरस के संक्रमण से मुक्त हुए हैं।
वहीं, 31 लोगों की हालत नाजुक है। पंजाब में 2,171, सिंध में 1,128 और खैबर पख्तूनख्वा में 560, गिलगित बाल्टिस्तान में 213, बलूचिस्तान में 212, इस्लामाबाद में 102 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 28 मामले सामने आए हैं।
प्रधानमंत्री इमरान खान ने बुधवार को देश की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आगे स्थिति और भी खराब हो सकती है और मरीजों की बढ़ती संख्या से निपटने में हमारे अस्पताल पर्याप्त नहीं होंगे।
खान ने लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने के आधिकारिक दिशा-निर्देश को मानने के लिए कहा है। हालांकि, उन्होंने पूर्णतया बंद लागू नहीं करने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि पांच करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा के नीचे हैं और अगर इस तरह के कदम उठाए जाते हैं तो ये लोग भूख से मर जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2020 07:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

