देश की खबरें | एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद के बयान के विरोध में प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद के बयान के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां प्रदर्शन किया। जयपुर के विधायक पुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर कर दिया।

जयपुर, 13 मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद के बयान के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां प्रदर्शन किया। जयपुर के विधायक पुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर कर दिया।

थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि शहीद स्मारक से भाजपा के प्रदेश कार्यालय की ओर जाने के लिए एकत्रित हुए एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिये पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग किया। उनके अनुसार इसमें किसी को चोट नहीं लगी।

उन्होंने बताया कि 25-30 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस से विद्याधर नगर ले जाकर छोड दिया गया।

उन्होंने बताया कि भाजपा सांसद अनंत हेगड़े के कथित बयान का विरोध कर रहे एनएसयूआई के कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के लिये रैली निकालना चाह रहे थे जिसकी प्रशासन ने उन्हें इजाजत नहीं दी थी, इसलिए उन्हें रोका गया था।

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्यवाही को भाजपा की अधिनायकवादी प्रवृत्ति का सबूत बताया।

गहलोत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘‘पहले भाजपा सांसद अनंत हेगड़े की संविधान बदलने की धमकी और फिर उसका संवैधानिक दायरे में विरोध करने वाले एनएसयूआई के युवा साथियों पर किया गया लाठीचार्ज खुद-ब-खुद भाजपा की अधिनायकवादी प्रवृत्ति का सबूत है।’’

उन्होंने कहा ‘‘संविधान की रक्षा में घायल हुए एनएसयूआई के सभी युवा क्रांतिकारियों की बहादुरी एवं जज्बे को सलाम।’’

पुलिस ने शहीद स्मारक पर ‘बैरिकेड’ लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक दिया था। कार्यकर्ता बैरिकेड पार करने की कोशिश कर रहे थे।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि भाजपा के सांसद देश में तानाशाही लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ हम भाजपा सांसद अनंत हेगड़े के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शांतिप्रिय तरीके से प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन सरकार के आदेश पर पुलिस प्रशासन ने हम पर लाठीचार्ज किया। यह पूरी तरह से भाजपा की ओछी मानसिकता है।’’

इस मुद्दे पर कांग्रेस राजस्थान एवं अन्य राज्यों में विरोध-प्रदर्शन कर रही है।

कुंज पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\