नयी दिल्ली, 12 अगस्त दिल्ली नगर निगम ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी भर में सफाई अभियान शुरू किया और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और शहर को साफ सुथरा बनाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह अभियान एक नगर निगम वार्ड से शुरू हुआ और आने वाले दिनों में इसे आगे ले जाया जायेगा ।
केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली नगर निगम द्वारा मेगा सफ़ाई अभियान - अब दिल्ली होगी साफ़ - शुरू करने पर बहुत बहुत बधाई और शुभकामनायें । मुझे पूरी उम्मीद है कि ये अभियान ज़रूर सफल होगा और हमारी दिल्ली साफ़ सुथरी बनेगी।’’
आम आदमी पार्टी के विधायक दिल्ली नगर निगम के प्रभारी दुर्गेश पाठक के पोस्ट को साझा करते हुये मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी की ।
आम आदमी पार्टी दिल्ली नगर निगम में सत्ताधारी पार्टी है।
इससे पहले पाठक ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘पिछले 15 साल में भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली को कूड़े का ढ़ेर बना दिया था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर सारे पार्षद और सारे स्वयंसेवी अब दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर दिल्ली को साफ़ करने में लग गए हैं।’’
पाठक ने लिखा, ‘‘इसी क्रम में नन्द नगरी से आम आदमी पार्टी के पार्षद रमेश कुमार बसैया जी ने आपने वार्ड में युद्ध स्तर पर सफ़ाई अभियान शुरू कराया। जल्द ही हम दिल्ली को और भी साफ़ सुथरा बनाएंगे और दिल्ली का हर कोना-कोना साफ़ करेंगे।’’
दिल्ली नगर निगम में कुल 250 वार्ड हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY