जरुरी जानकारी | भारत में निवेशकों के लिए लालफीताशाही नहीं बल्कि लाल कालीन: राजनाथ सिंह

बेंगलुरु, 11 फरवरी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत निवेशकों के लिए लालफीताशाही नहीं, बल्कि लाल कालीन बिछाता है और देश में सतत आर्थिक विकास के लिए व्यापक सहमति है।

सिंह ने मंगलवार को यहां वैश्विक निवेशक सम्मेलन...इन्वेस्ट कर्नाटक-2025 का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत ने एक स्थिर और भरोसेमंद नीतिगत माहौल बनाकर नीतिगत अनिश्चितता को दूर किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘...आज केंद्र सरकार, राज्य सरकार और स्थानीय निकायों सहित भारत में शासन के सभी स्तरों पर इस बात पर व्यापक सहमति है कि सतत आर्थिक विकास को बाजार आधारित अर्थव्यवस्था से संचालित होना चाहिए, जिसमें निजी क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।’’

मंत्री ने कहा कि सतत आर्थिक विकास की यह साझा प्रतिबद्धता एक स्थिर और भरोसेमंद नीतिगत परिवेश प्रदान करती है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि निवेशक नीतियों पर भरोसा करते हुए निवेश कर सकें।

सिंह ने कहा कि पहले निवेशकों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था और सबसे बड़ी बाधाओं में से एक लालफीताशाही थी, लेकिन अब समय बदल गया है।

मंत्री ने कहा, ‘‘आज भारत निवेशकों के सामने लालफीताशाही नहीं रखता है। इसके बजाय, हम उनके लिए लाल कालीन बिछाते हैं। निवेश को बढ़ावा देने को लेकर एक व्यापक सहमति हमारे निवेशकों के लिए अनिश्चितता को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।’’

सिंह ने दुनिया के विभिन्न हिस्सों से एकत्र हुए निवेशकों से कहा कि कर्नाटक वह सब कुछ प्रदान करता है जो एक निवेश गंतव्य में चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपकी निवेश आवश्यकताएं क्या हैं, कर्नाटक विकास और सफलता के लिए एक अच्छी नींव प्रदान करता है।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘एक निवेशक के रूप में, आप एक विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे की तलाश करते हैं और कर्नाटक अगली पीढ़ी की बुनियादी सुविधाओं की पेशकश कर रहा है। यदि आपको कुशल मानव संसाधनों की आवश्यकता है, तो कर्नाटक भविष्य की जरूरतों के अनुसार अपने प्रतिभाशाली कार्यबल के साथ खड़ा है।’’

इस मौके पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, केंद्रीय खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी, उप-मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, कर्नाटक के बड़े और मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल मौजूद थे।

कार्यक्रम में महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरपर्सन आनंद महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरपर्सन सज्जन जिंदल, बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार शॉ, किर्लोस्कर सिस्टम्स की चेयरपर्सन गीतांजलि किर्लोस्कर और हीरो फ्यूचर एनर्जी के चेयरपर्सन राहुल मुंजाल शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)